
पटना। बिहार के गोपालगंज जिले के बलेसरा ग्राम पंचायत के मुखिया के घर में अपराधियों ने मंगलवार की रात ताबड़तोड़ गोलीबारी कर दी। इस घटना में मुखिया के एक बेटे की मौत हो गई जबकि मुखिया, उनकी पत्नी और उनका एक बेटा गंभीर रूप से घायल हो गए।
तीन लोगों ने मुखिया के परिवार पर गोलीबारी की
घटना की जांच के बाद पुलिस ने बताया कि उचकागांव प्रखंड के बलेसरा पंचायत के मुखिया महातम चौधरी अपने पैतृक गांव पिडरा के घर के बाहर परिवार के सदस्यों के साथ बैठे थे। इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए तीन लोगों ने मुखिया के परिवार पर गोलीबारी शुरू कर दी। इस घटना में मुखिया महातम चौधरी, उनकी पत्नी प्रभावती देवी, बेटा सत्येंद्र यादव और नागेंद्र यादव गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए।
इलाज के दौरान मुखिया के बेटे की मौत
आनन-फानन में सभी घायलों को गोपालगंज सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां इलाज के दौरान सत्येंद्र यादव की मौत हो गई। गंभीर हालत में अन्य सभी घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल है। जिसके बाद पूरे इलाके की नाकाबंदी कर दी गई है।
घटना के पीछे राजनितिक साजिश की आशंका
गोपालगंज के एक पुलिस अधिकारी ने बुधवार को बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। घटना के पीछे राजनितिक साजिश बताई जा रही है। इस वारदात की जानकारी मिलते ही हथुआ के जेडीयू विधायक रामसेवक सिंह सदर अपस्ताल में मुखिया का हाल पूछने पहुंचे। उन्होंने घटना की निंदा की और अपराधियों की पहचान कर उन्हें जल्द से जल्द सजा दिलाए जाने की मांग की। उनके अलावा वहां के आरजेडी जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक रियाजुल हक राजू ने भी इस घटना की आलोचना की है। उन्होंने कहा कि इस सरकार में आरजेडी समर्थित लोगों और मुखिया को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द से जल्द मामले के अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी नहीं की गई तो आरजेडी इसके खिलाफ उग्र आन्दोलन करेगा।