कर्नाटक में भाजपा विधायक के घर में कुछ लोगों ने पत्थर से हमला कर दिया, जिसमें एक भाजपा कार्यकर्ता घायल हो गया।
बेंगलुरु। कर्नाटक में सियासी संग्राम के बीच बुधवार को एक भाजपा विधायक के घर में पथराव किया गया। इस पत्थरबाजी में एक भाजपा कार्यकर्ता बुरी तरह से घायल हो गया। बताया जा रहा है कि हासन से भाजपा विधायक प्रीथम गौड़ा के घर पर पत्थराव किया गया। आरोप है कि जेडीएस के कार्यकर्ताओं ने भाजपा विधायक के घर में यह पत्थराव किया है। इस बाबत मुख्यमंत्री एचडी कुमारस्वामी ने मैसूर आई और हासन के एसपी से पूरी जानकारी मांगी है। उन्होंने कहा है कि शुरुआती सूचना के मुताबिक पूर्व प्रधानमंत्री एचडी देवेगौड़ा के समर्थक उनके खिलाफ अमर्यादिक टिप्पणी के लिए प्रदर्शन कर रहे थे। इसी दौरान कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनलोगों को उकसाया जिसके बाद से यह घटना घटी है। हालांकि उन्होंने कहा कि स्थानिय पुलिस से कहा गया है कि वे इस पूरे मामले की जांच करें और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करें।
कर्नाटक में सियासी जंग जारी
आपको बता दें कि कर्नाटक में सियासी संग्राम के बीच यह सब घटना हुई है। कर्नाटक में भाजपा और जेडीएस-कांग्रेस गठबंधन के बीच सत्ता को लेकर रस्साकस्सी चल रही है। सरकार बनने के बाद से ही कुमारस्वामी कई बार यह बयान दे चुके हैं कि कांग्रेस के साथ सगठबंधन की सरकार चलाने में काफी परेशानी हो रही है। यहां तक कि देवेगौड़ा ने भी बीते दिनों अपने एक बयान में कहा था कि गंठबंधन की सरकार में बहुत दिनों तक चुप रहा और सहता रहा लेकिन अब चुप नहीं रहूंगा। इनसबसे इतर कर्नाटक में विधायकों की खरीद-फरोख्त का आरोप कांग्रेस और जेडीएस भाजपा पर लगाती रही है। भाजपा पर आरोप लगाया जाता रहा है कि कर्नाटक की सरकार अस्थिर करने और सत्ता में काबिज होने के लिए विधायकों को धमकाया जा रहा है, उन्हें खरीदने का प्रयास किया जा रहा है। इस संबंध में एक वीडियो क्लीप भी सामने आया था जिसको लेकर सीएम कुमारस्वामी ने एसआईटी जांच के आदेश दिए हैं। अब एसआईटी रिपोर्ट आने के बाद देखना दिलचस्प होगा कि कर्नाटक की राजनीति क्या रंग बदलती है।
Read the Latest Crime news in hindi on Patrika.com. पढ़ें सबसे पहले Crime samachar पत्रिका डॉट कॉम पर.