क्राइम

मशहूर तमिल एक्ट्रेस प्रियंका ने की आत्महत्या, सुसाइड नोट में घरेलू विवाद बताया कारण

तमिल टीवी शो वामसम में वह सुपरहिट फिल्म बाहुबली में शिवगामी माता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस रम्या कृष्णनन के साथ दिखाई दी थीं।
2 min read
• •
Updated: 18 Jul 2018, 2:02 PM IST
Suicide
मशहूर तमिल एक्ट्रेस ने की आत्महत्या, सुसाइडनोट में घरेलु विवाद बताया कारण

नई दिल्ली। तमिल फिल्म इंडस्ट्री की मशहूर एक्ट्रेस प्रियंका की सुसाइड का सनसनीखेज मामला सामने आया है। तमिल एक्ट्रेस ने खुद फांसी लगाकर खुद मौत का गले लगा लिया। ताजा जानकारी के अनुसार यह दिल दहलाने वाली घटना प्रियंका के वलासारावक्कम में स्थि‍त आवास पर घटी है। आपको बता दें कि प्रियंका एक मशहूर तमिल टीवी शो वामसम में ज्योतिका के रोल को लेकर काफी सुर्खियों में थीं। वामसम में वह सुपरहिट फिल्म बाहुबली में शिवगामी माता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस रम्या कृष्णनन के साथ दिखाई दी थीं।

पुलिस को घटनास्थल से मिला सुसाइड नोट

जानकारी के अनुसार एक्ट्रेस की मौत की जानकारी सबसे पहले उनकी नौकरानी को लगी, जिसके बाद उन्होंने अन्य लोगों को घटना की सूचना दी। बताया जा रहा है कि बुधवार सुबह प्रियंका की नौकरानी जैसे ही एक्ट्रेस के घर पर पहुंची तो अंदर का नजारा देखकर उसके होश उड़ गए। अंदर कमरे में प्रियंका का शव पंखे से लटका हुआ था। वहीं घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल को सील कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट मिला है। सुसाइड नोट में प्रियंका ने मौत की वजह घरेलू विवाद बताया है।

तीन साल पहले हुई थी शादी

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार तमिल एक्ट्रेस की तीन साल पहले शादी हुई थी, लेकिन अभी तक उसको कोई बेबी नहीं था। बच्चे न होना ही परिवार में विवाद का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने जांच रिपोर्ट आने के बाद ही कोई स्थिति स्पष्ट होने की बात कही है।

Published on: