क्राइम

गर्भवती को लेने जा रहा जननी वाहन नदी में बहा, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

दो दिन से लगातार जारी बारिश जिले में परेशानी बन गई है, इससे सभी नदियां उफान पर आ गईं और ज्यादातर सभी सड़क मार्ग बंद हो गए।
2 min read
patrika news
Ashoknagar People appear to be exposed to this risk in the middle of the bridges on the bridges.

अशोकनगर. दो दिन से लगातार जारी बारिश जिले में परेशानी बन गई है, इससे सभी नदियां उफान पर आ गईं और ज्यादातर सभी सड़क मार्ग बंद हो गए। आधी रात को प्रसूता को लेने जा रहा जननी वाहन नदी के तेज बहाव में बह गया। हालांकि ड्राइवर ने कूदकर खुद की जान बचाई लेकिन 18 घंटे बाद भी वाहन का कोई पता नहीं चल सका। वहीं ईट से भरे एक ट्रैक्टर-ट्राली भी नदी के तेज बहाव में बह गए। इसके अलावा जिलेभर में तीन सैकड़ा से अधिक मकान धराशायी हो गए हैं। नदियों के उफान पर आने से राजघाट बांध के 18 में से16 गेट खोल दिए, इससे यूपी-एमपी मार्ग के पुल से छह फीट ऊपर पानी बह रहा है। प्रशासन ने क्षेत्र के दस गांवों में अलर्ट जारी कर दिया है।

शुक्रवार-शनिवार की रात करीब एक बजे प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नईसराय का जननी वाहन कुरायला गांव में प्रसूता को लेने गया। हसनपुर गांव के पास पुल के ऊपर पानी था, हेडलाइट का उजाला कम होने से जब चालक जितेंद्र जाटव ने वाहन पुल से निकाला तो पानी के तेज बहाव में जननी वाहन क्रमांक एमपी 07 डीए 6863 बहने लगा। इससे जैसे-तैसे कूदकर वह वाहन से उतरा और लोग सहायता के लिए पहुंचते, तब तक वाहन नदी की तेज लहरों के बीच समा गया। मामले की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन जननी वाहन का 18 घंटे बाद भी पता नहीं चल सका। वहीं शनिवार को दोपहर 12 बजे खड़ीचरा गांव में ईंट भट्टे से ईंट भरकर ले जा रहा ट्रैक्टर-ट्राली नदी के तेज बहाव में बह गए।

बारिश से जिले की सभी नदियां उफान पर आ गईं, इससे तूमैन नदी से दस फीट ऊपर पानी बहने लगा और घरों में भी पानी भर गया। वहीं कोंचा बांध के ओवरफ्लो का बहाव तेज होने से इकोदिया पुल के आठ फीट ऊपर पानी बह रहा है, इससे सिरोंज और करीला मार्ग बंद हो गया। वहीं शहर के शंकरपुर मगरदा में भी पानी निकासी की व्यवस्था न होने से एक दर्जन घरों में पानी भर गया और आधा दर्जन मकान धराशायी हो गए। बाद में नपा ने जेसीबी से सड़क खोदकर पानी निकासी की व्यवस्था की। तुलसी सरोवर का जलस्तर बढऩे से शहर की यादव कॉलोनी के दो दर्जन मकान डूब गए और कई मकान धराशायी हो गए।

बाइक सहित दो बहे
शनिवार को सुबह के समय आंवरी निवासी दो भाई अरविंद बैरागी और सोनू बैरागी बाइक से अशोकनगर आ रहे थे, सोनू बाइक चला रहा था। तुलसी सरोवर के ओवरफ्लो के तेज बहाव में बाइक बह गई, इससे दोनों भाई बह गए। तालाब के पास सरियों की चपेट में आने से अरविंद घायल हो गया, लेकिन उनकी बाइक पानी के तेज बहाव में बह गई।

Published on:
09 Sept 2018 02:01 am