पश्चिम बंगाल में मतदान शुरू होने से पहले हुई गोलीबारी की घटना एक भाजपा और एक टीएमसी कार्यकर्ता की हत्‍या सुबह सात बजे से आठ सीटों पर मतदान जारी
नई दिल्ली।लोकसभा चुनाव के छठे चरण के लिए रविवार सुबह से मतदान जारी है। पश्चिम बंगाल की 8 लोकसभा सीटों पर भी वोटिंग जारी है। लेेकिन पश्चिम बंगाल मेंं चौंकाने और परेशान करने वाली खबर यह है कि मतदान शुरू होने से पहले झारग्राम में भारतीय जनता पार्टी के बूथ कार्यकर्ता का शव बरामद हुआ है। मृत व्यक्ति का नाम रामेन सिंह बताया जा रहा है। भाजपा के कार्यकर्ता के अलावा एक टीएमसी कार्यकर्ता का भी शव बरामद हुआ है। इसकेे अलावा मिदनापुर में दो भाजपा कार्यकर्ताओं को गोली मारने की भी सूचना है। दोनों कार्यकर्ताओं को तामलुक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
झारग्राम में भाजपा कार्यकर्ता की हत्या
भाजपा ने आरोप लगाया है कि रामेन सिंह की हत्या की गई है। भाजपा ने टीएमसी के कार्यकर्ताओं को इसके लिए जिम्मेदार ठहराया है। हालांकि स्थानीय पुलिस ने इससे इनकार किया है। शुरुआती जांच के आधार पर पुलिस का कहना है कि रामेन सिंह पहले से ही बीमार था। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। झारग्राम जिले के चुनसोले गांव में गांववालों ने देर रात को भाजपा कार्यकर्ता का शव बरामद किया था। भाजपा का आरोप है कि उनके कार्यकर्ता की हत्या पीटकर की गई है।
TMC कार्यकर्ता की भी हत्या
दूसरी तरफ मरधारा के कांठी में टीएमसी कार्यकर्ता की हत्या की भी सूचना है। जानकारी के मुताबिक टीएमसी कार्यकर्ता सुधाकर मैती रविवार रात से ही गायब थे, लेकिन बाद में उनका शव मिला। देर रात को वह किसी रिश्तेदार से मिलने जा रहे थे लेकिन वापस ही नहीं लौटे। बता दें कि लोकसभा चुनाव के अभी तक हर चरण में बंगाल से हिंसा की खबरें आई हैं। फिर चाहे वह कार्यकर्ताओं के बीच हाथापाई हो या फिर पोलिंग बूथ पर देसी बम से हमला किया जाना हो।