
पंचकूला। चंडीगढ़ से सटे हरियाणा के पंचकूला में एक हिंदू महिला ने अपने मुस्लिम पति पर जबरन धर्मांतरण को मजबूर करने का आरोप लगाया है। महिला ने कहा कि जब उसने इनकार किया तो उसे तलाक देने की धमकी भी दी गई। महिला का यह भी कहना है कि बाद में पति और उसके दोस्तों ने मिलकर फेक आइडी के जरिये महिला की नग्न तस्वीरें इंटरनेट पर वायरल कर दी। महिला ने पूरे मामले में पुलिस को शिकायत दर्ज कराई है।
धर्मांतरण के दबाव की शिकायत नहीं मिलीः पुलिस
पुलिस ने इस मामले में आरोपी पर आइटी एक्ट और धोखेबाजी से संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। हालांकि पुलिस ने धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने की शिकायत मिलने से इनकार किया है।
पुलिस रिमांड पर है आरोपी
पुलिस का कहना है कि उसने एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है। फिलहाल, पुलिस जांच जारी है। पीड़ित महिला का कहना है कि उसने दानिश अंसारी नाम के एक शख्स से शादी की थी। शादी के बाद से ही उसका पति उस पर इस्लाम धर्म अपनाने को लेकर दबाव डाल रहा था।
दोनों की एक बेटी भी है
महिला का कहना है कि दानिश ने पहले उसे प्यार के जाल में फंसाया फिर शादी कर ली। उसके बाद से ही वो उसे लगातार परेशान करता रहा। दोनों को इस शादी से एक बेटी भी हुई थी।
लव जिहाद पर है देशभर में विवाद
हाल ही में लव जिहाद के कई मामले देश के अलग-अलग हिस्सों में सामने आ चुके हैं, लेकिन हरियाणा में संभवतः यह पहला मामला है। देश में लंबे समय से लव जिहाद के मसले पर विवाद चल रहा है। ऐसे में इस तरह की घटनाओं से तनाव और बढ़ सकता है। हालांकि इस मामले में अभी आरोपों की पुष्टि नहीं हो सकी है।