बजबजा रही गंदगी, बदबू से खड़ा होना भी दूभर
दमोह. शहर का मुख्य बस स्टैंड इन दिनों अव्यवस्थाओं और गंदगी का अड्डा बना हुआ है। जहां से रोजाना सैकड़ों यात्री जिले और प्रदेश के अलग-अलग जिलों और ग्रामीण अंचलों के लिए सफर करते हैं, वहीं बस स्टैंड अब बीमारी फैलने का खतरा नजर आता है। परिसर में जगह-जगह फैली गंदगी, बदबू और खुले में टॉयलेट जैसी स्थिति ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।
बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त साफ. सफाई और व्यवस्थित शौचालय व्यवस्था नहीं होने के कारण कई लोग खुले में ही लघुशंका कर रहे हैं। हालत यह है कि दीवारों के कोनेए, प्लेटफॉर्म के पीछे का हिस्सा और बसों के खड़े होने वाली जगह के आसपास भी रात के समय और दिन में भी लोग लघुशंका कर रहे हैं, जिससे बदबू फैल रही है। उमस के बीच यह बदबू यात्रियों के लिए असहनीय हो जाती है।
बदबू से खड़ा होना भी मुश्किल
यात्री सविता रजक, महेंद्र असाटी, संदीप शर्मा, विवेक सिंह लोधी का कहना है कि स्टैंड पर बस का इंतजार करना तक मुश्किल हो गया है। परिसर में जगह-जगह लघुशंका फैली होती है, जिस पर से ही होकर गुजरना पड़ता है। इससे बसों में भी पैर के माध्यम से गंदगी जाती है और यही गंदगी हमारे बैग, थैलों के माध्यम से हमारे घरों में पहुंच रही है। बस स्टैंड के अलावा बसों में भी लघुशंका की बदबू से परेशानी होती है। फैली गंदगी के कारण मच्छर और मक्खियों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ रहा है। यात्रियों ने बताया कि बच्चों और बुजुर्गों के साथ बस स्टैंड पर रुकना अब परेशानी भरा हो गया है। बस स्टैंड की हालत देखकर लगता है कि यहां कोई जिम्मेदार देखने वाला नहीं है। बदबू इतनी तेज है कि कुछ देर खड़े रहना भी मुश्किल हो जाता है। एक अन्य यात्री सीमा अहिरवार ने कहा हम बाहर से आने वाले लोगों के सामने क्या छवि पेश कर रहे हैं, यह शहर का मुख्य बस स्टैंड हैं।
सफाई व्यवस्था पर सवाल
नगरपालिका द्वारा यहां नियमित सफाई के दावे किए जाते हैं, लेकिन बस स्टैंड की स्थिति इन दावों की पोल खोल रही है। कूड़ेदान या तो भरे पड़े हैं या फिर कई स्थानों पर उपलब्ध ही नहीं हैं। खुले में फैल रही गंदगी की यहां महीनों से सफाई नहीं हुई है। इसके अलावा बस स्टैंड पर साफ-सफाई व अन्य व्यवस्थाओं के संचालन के लिए कोई समिति भी नहीं है। परिवहन विभाग भी यहां ध्यान नहीं देता है।
बीमारी फैलने का खतरा
स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार गंदगी और खुले में शौच से डेंगू, मलेरिया, टाइफाइड और अन्य संक्रमण फैलने की आशंका बढ़ जाती है। बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थान पर यदि नियमित सफाई न हो तो यह संक्रमण का बड़ा केंद्र बन सकता है। लोगों को काफी सतर्क रहना चाहिए। साथ ही घर पर पहुंचने से पहले अपने कपड़े, जूते, बैग आदि को बाहर की छोडऩा चाहिए।
वर्शन
बस स्टैंड पर गंदगी की जानकारी दी गई है। आज ही एचओ को दिशा निर्देश देता हूं।
राजेंद्र सिंह लोधी, सीएमओ नगरपालिका दमोह