दमोह

भाजपा नेता से टोल कैसे मांगा, दो दर्जन लड़कों ने टोलकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर बेरहमी से पीटा

Toll workers beaten: दमोह-सागर रोड पर कौरांसा टोल प्लाजा पर भाजपा नेता के दो दर्जन लड़कों ने जमकर की मारपीट और तोड़फोड़, दो टोलकर्मी घायल।

2 min read
May 20, 2026
bjp leader and workers attack on toll staff

BJP leader attack on toll staff: मध्यप्रदेश में दमोह-सागर रोड पर गढ़ाकोटा क्षेत्र के एक भाजपा नेता और उनके गुंडों ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों को दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। टोलकर्मियों की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने भाजपा नेता से टोल का पैसा मांग लिया था। टोल पर हुई मारपीट और गुंडागर्दी की तस्वीरें वहां लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। मामले में पुलिस ने एक नामजद सहित दो दर्जन के विरुद्ध प्रकरण दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें

एमपी में भाजपा के युवा मोर्चा के नेताओं ने ढाबे पर की मारपीट, देखें वीडियो

भाजपा नेता से टोल मांगा तो पीटा

पुलिस के अनुसार गढ़ाकोटा क्षेत्र के जनपद सदस्य मुकेश यादव भाजपा नेता व अन्य 2-3 वाहनों से गढ़ाकोटा से दमोह की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कौरासा स्थित टोल प्लाजा के कर्मचारियों ने टोल के लिए बैरियर लगा दिया और टोल मांगा। इतना सुनते ही पहले मुकेश यादव और दो अन्य ने टोल कर्मचारियों से अपशब्दों का प्रयोग किया, इसके बाद गाड़ी से उतरकर मारपीट शुरू कर दी। मारपीट शुरू होते ही सभी 12 से 15 लड़कों ने टोल के कर्मचारियों के साथ लाठी, पाइप, लात, घूसों से जमकर मारपीट की।

टोलकर्मियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा

इस दौरान दौड़ा-दौड़ा कर टोलकर्मियों को पीटने की तस्वीरें भी सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई हैं। सीसीटीवी में मुकेश यादव और उनके गुंडे टोल पर कर्मचारी केबिन और परिसर में रखी कुर्सियां आदि तोड़ते नजर आ रहे हैं। इसके अलावा वह कर्मचारियों का दौड़-दौड़ कर पीछा करते भी दिख रहे हैं। करीब 15 मिनट तक टोल पर चली इस गुंडागर्दी के बाद कुछ कर्मचारियों ने खेत में भागकर अपनी जान बचाई, जबकि दो कर्मचारियों के साथ बेहतासा मारपीट की गई, जिसके बाद उन्हें गंभीर हाल में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

घायल बोले, मारने को उतारू थे सभी

टोल पर काम करने वाले मदन सिंह परिहार और धीरेंद्र को गंभीर हाल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य को भी चोटें आई हैं। मदन सिंह परिहार ने बताया कि उन्होंने आम कार चालकों की तरह टोल मांगा था। इसके बाद मुकेश यादव, उज्जवल व अन्य ने पहले अपशब्द कहे, इसके बाद गाड़ियों से उतरकर बेरहमी से मारपीट की। टोल को आग लगाने और जान से मारने की धमकी भी दी। इस घटना के बाद हम सभी दशहत में हैं।

पुलिस जांच में जुटी, मामला दर्ज

मामले में सागर नाका चौकी प्रभारी विक्रम सिंह दांगी ने बताया कि गढ़ाकोटा क्षेत्र के जनपद सदस्य मुकेश यादव और 15-16 अन्य लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। रात में मामले की जानकारी लगते ही तत्काल थाना प्रभारी अमित गौतम के साथ जिला अस्पताल और मौके पर पहुंचकर जांच की गई थी। आरोपियों की तलाश शुरू कर दी गई है, जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा।

ये भी पढ़ें

‘मैं पार्टी छोड़ दूंगा लेकिन पीछे नहीं हटूंगा’, भाजपा के वरिष्ठ नेता की बड़ी चेतावनी
Published on:
20 May 2026 09:27 pm
Also Read
View All