
Damoh Suryansh Dubey Death: मध्यप्रदेश के दमोह में देहात थाना क्षेत्र की गणेशपुरम कॉलोनी में रहने वाले ट्रांसपोर्टर व्यवसायी सुनील दुबे के 20 वर्षीय पुत्र सूर्यांश दुबे की संदिग्ध मौत हो गई। मौत का कारण फिलहाल अज्ञात है, मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है। मृतक की मां नीलू दुबे भाजपा नेत्री हैं, जबकि भाई शिवम सागर सांसद लता वानखेड़े के ऑफिस में काम करता है। बताया गया है कि मृतक सूर्यांश दुबे ट्रांसपोर्ट का पूरा काम संभालता था। परिचितों का कहना है कि मृतक धार्मिक प्रवृत्ति का था और 22 अक्टूबर को वृंदावन जाने के लिए ट्रेन में रिजर्वेशन भी करा चुका था।
गणेशपुरम निवासी सुनील और उनकी पत्नी नीलू कॉलोनी में ही विराजित दुर्गा जी आरती में शामिल होने गये थे। वहां से जब दोनों वापस घर लौटे तो बेटे सूर्यांश को अचेत पाया। परिजन तुरंत उसे अस्पताल लेकर पहुंचे लेकिन तब तक देर हो चुकी थी और डॉक्टरों ने जांच के बाद सूर्यांश को मृत घोषित करदिया। इसके बाद सूचना पर देहात थाना पुलिस जिला हॉस्पिटल पहुंची। परिजन शव का पोस्टमार्टम नहीं कराने की बात कह रहे थे जिन्हें पुलिस ने समझाइश दी और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजन को सौंपा।
मामले में देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय ने बताया कि परिजनों के अनुसार घर में 20 वर्षीय सूर्यांश दुबे की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई है। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे थे। अभी किसी के बयान नहीं हुए हैं और कोई नोट आदि भी नहीं मिला है, इसीलिए मौत का कारण फिलहाल अज्ञात है। जांच के बाद ही पूरे मामले का खुलासा संभव है। जान पहचान वालों ने बताया कि सूर्यांश काफी धार्मिक प्रवृत्ति का था। बीते महीनों में ही वह वृंदावन गया था और 22 अक्टूबर को फिर से वृंदावनजाने के लिए रेल में रिजर्वेशन था। वह घर का ट्रांसपोर्टर का पूरा काम संभालता था।