कुछ होटलों में भट्टी हुई शुरू, तो कहीं इलेक्ट्रिक उपकरणों से काम शुरू
दमोह. वैश्विक स्तर से आपूर्ति बाधित होने पर कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बाधित हो गई। इसका सबसे बड़ा झटका मौजूदा शादी सीजन के चलते शादी वाले घरों, गॉर्डन को पड़ा है। इसके अलावा होटल, रेस्टारेंट, कैटरिंग भी इससे प्रभावित हुई है। बीते चार दिनों से १९ किलो वाला यह सिलेंडर इन सेवाओं का संचालित करने वालों को नहीं मिल रहा है। कॉमर्शियल सिलेंडर ब्लॉक होते ही अब इनकी नजर घरेलू सिलेंडरों पर पड़ रही है, जिससे घरेलू सिलेंडर भी ब्लैक में जाने लगा है। इसका असर आम उपभोक्ताओं पर भी पड़ रहा है। बता दें कि कॉमर्शियल सिलेंडर का उपयोग कैटरिंग, मैरिज गार्डन, होटल, रेस्टोरेंट, छात्रावास और अस्पताल जैसे व्यावसायिक कार्यों में किया जाता है।
कॉमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगते ही होटलों पर इन दिनों इंडक्शन, माइक्रोवेव ओवन और भट्टियों का उपयोग तेज हो गया है। कुछ होटल और ढाबों पर भट्टियां फिर से चालू हो गई हैं। कुछ ढाबों पर फिर से चूल्हे ही रोटी भी मिलना शुरू हो गई है। जबकि भट्टियों से अन्य कार्य होने लगे हैं। शहर में एक-दो होटलों में इस तरह के नजारे देखने मिलने लगे हैं। होटल संचालक सुमित चौरसिया ने बताया सिलेंडर मिल नहीं रहा है। ऐसे में अब दुकान बंद तो कर नहीं सकते है। भट्टी से ही सभी काम हो रहे हैं। थोड़े काम इंडक्शन आदि से भी कर रहे हैं।
मौजूदा समय में शादी-ब्याह का सीजन चल रहा है। ऐसे में जिले में रोजाना करीब ५० विवाह हो रहे हैं। आम तौर पर कॉमर्शियल सिलेंडर विवाह आदि के लिए उपलब्ध कराए जाते थे, लेकिन इनकी आपूर्ति रुकने से समस्या बढ़ गई है। कैटरिंग और मैरिज गॉर्डन संचालकों ने सिलेंडर को लेकर हाथ खड़े कर दिए हैं। ऐसे में शादी वाले घरों में सबसे ज्यादा टेंशन बढ़ गई है। पत्रिका ने जबलपुर रोड स्थित मैरिज गॉर्डन में कुछ शादी वाले परिवारों से चर्चा करने का प्रयास किया, लेकिन किसी ने भी सिलेंडर की व्यवस्था कैसे हुई, खुलकर बात नहीं की। जबकि कुछ लोग अभी भी व्यवस्था की बात करते नजर आए।
कमर्शियल गैस सिलेंडर के मामले में वर्तमान स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया गया है कि अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों को कमर्शियल सिलेंडर की आपूर्ति लगातार जारी रहेगी, जबकि अन्य व्यावसायिक स्थानों के लिए कुछ समय के लिए आपूर्ति को उच्च निर्देश अनुसार बंद रखा गया है।
सुधीर कोचर, कलेक्टर दमोह