दमोह

Damoh News : देहात थाना से पुलिस अभिरक्षा से भागा आरोपी, रात में पकड़कर लाई थी पुलिस

शौच क्रिया के लिए लेकर गए थे, इसी दौरान खेत की ओर भागा, शाम तक नहीं चला पता

2 min read
Feb 22, 2026
शौच क्रिया के लिए लेकर गए थे, इसी दौरान खेत की ओर भागा, शाम तक नहीं चला पता

देहात थाना क्षेत्र के चोरी के मामले में फरार एक आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आने के बाद अलसुबह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। 64 साल के इस आारोपी के विरुद्ध एसपी ने तीन दिन पहले ही 2 हजार रुपए का ईनाम घोषित किया था, जबकि शनिवार की रात उक्त आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया था। मामले में पुलिस ने एक और प्रकरण दर्ज किया है। साथ ही पूरे प्रकरण की विवेचना सीएसपी स्तर पर की जा रही है। इधर, चार टीमें अभिरक्षा से भागे आरोपी की तलाश में जुटी हुई हैं, जिसका देर शाम तक कुछ भी पता नहीं लग सका है।

प्रकरण में बताया कि देहात थाना क्षेत्र के केशवनगर निवासी गर्ग परिवार के यहां बीते माहों में बड़ी चोरी हुई थी। जो 25 लाख से अधिक की बताई गई थी। मामले में पुलिस ने आदतन चोर व बदमाश जयराम को बीते माह गिरफ्तार कर लिया था। जिसके पास से कुछ मशरुका जब्त हुआ था, जबकि सह आरोपी जयराम का पिता संतोष काछी फरार था। कार्रवाई से अंसुष्ट गर्ग ने एसपी कार्यालय में अन्य आरोपी को पकडऩे की शिकायत की थी। जिस पर पुलिस ने शनिवार की रात आरोपी संतोष काछी को उसके निवास के पास से पकड़ा था और देहात थाना लेकर पहुंचे थे। रात में संतोष से पूछताछ की गई और बयान आदि भी लिए गए। साथ ही गायब मशरुका के संबंध में भी पूछताछ की गई। इसके बाद रात में उसे थाने में ही अभिरक्षा में रखा गया था।

शौच के बहाने खेत से भागा, पुलिस नहीं पकड़ पाई

मामले में देहात थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि सुबह करीब 4 से 4.30 बजे के बीच आरोपी ने शौच के लिए कहा। जिस पर एक आरक्षक और एक प्रधान आरक्षक उसे शौच के लिए लेकर गए थे। इसी दौरान थाने के पीछे की तरफ से खेतों की ओर वह भाग गया। रात का अंधेरा होने के बाद भी पीछा किया गया, लेकिन रात में कुछ पता नहीं सका। सुबह से लगातार चार टीमें अलग-अलग जगहों पर आरोपी की तलाश कर रही हैं, लेकिन फिलहाल कुछ भी पता नहीं लग सका है। आरोपी हत्या के एक मामले में सजा काट चुका है। जबकि २ हजार का ईनामी था।

मामले की जांच शुरू, टीमें कर रही तलाश

आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से भागने के बाद से लगातार टीमें तलाश में लगी हुई है। सीएसपी एचआर पांडेय भी दोपहर में देहात थाना पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। साथ ही संबंधित टीमों, थाना प्रभारी को जरूरी दिशा निर्देश दिए। पांडेय ने बताया कि आरोपी संतोष काछी की तलाश की जा रही है। लापरवाही सामने आई है। पूरे मामले की जांच उनके स्तर पर की जा रही है। जो भी दोषी होगा कार्रवाई की जाएगी। पूरी प्रक्रिया वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में लेकर की जा रही है।


Updated on:
23 Feb 2026 02:58 pm
Published on:
22 Feb 2026 04:46 pm
Also Read
View All