
Damoh Family Fight Before Funeral: मध्यप्रदेश केदमोह जिले के मड़ियादो थाना क्षेत्र के ग्राम महुआखेड़ा में 22 अक्टूबर को भतीजी नीता लोधी के अंतिम संस्कार के दौरान रीति-रिवाजों को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। शिकायतकर्ता ने महिलाओं सहित कई लोगों के घायल होने और धमकी देने के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला पन्ना के सिमरिया थाना क्षेत्र के ग्राम पड़वार निवासी सुरेंद्र लोधी की भतीजी नीता का विवाह महुआखेड़ा निवासी रामसिंह लोधी से हुआ था। शिकायतकर्ता के मुताबिक, नीता के ऊपर गर्म चाय डालने से वह गंभीर रूप से झुलस गई थी। उसे उपचार के लिए जबलपुर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
सुरेंद्र लोधी ने बताया कि 22 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे परिजन नीता के अंतिम संस्कार के लिए महुआखेड़ा पहुंचे थे। इस दौरान अंतिम संस्कार से पहले हिंदू रीति-रिवाजों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। आरोप है कि मृतका की चाची रानी, कौशल्या, बुआ मालती बाई सहित अन्य महिलाएं घर के अंदर गईं, जहां रामसिंह के परिवार की महिलाओं से विवाद के बाद मारपीट हुई। बीच-बचाव करने पहुंचे अन्य परिजनों के साथ भी मारपीट किए जाने का आरोप है।
शिकायत में प्रहलाद लोधी, निर्मल सिंह लोधी, रानी, कौशल्या सहित अन्य लोगों को चोटें आने की बात कही गई है। घटना के बाद शिकायतकर्ता ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। बता दें कि नीता लोधी की मौत के बाद बुधवार को परिजन ने रोड जाम कर प्रदर्शन करते हुए पति व ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप भी लगाए थे।