
protest against cow slaughter: मध्य प्रदेश के दमोह में शुक्रवार को गौहत्या के मामले को लेकर तनाव देखने को मिल रहा है। गौहत्या की घटना के बाद हिंदू संगठनों और गोसेवकों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। कसाई मंडी में गोवध किए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ जिसके बाद विरोध तेज हो गया। आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को दमोह बंद का आह्वान किया, जिसके चलते मुख्य बाजार पूरी तरह से बंद है।
सैकड़ों की संख्या में गो सेवक और हिंदू संगठन के कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए और शासन, प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी घंटाघर चौराहे पर एकत्र होकर दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। स्थिति को देखते हुए पुलिस बल भारी संख्या में तैनात किया गया है। घटना के बाद भी पुलिस अब तक गौवध करने वालों को पकड़ नहीं पाई है, जिससे लोगों का गुस्सा और बढ़ गया है। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद हैं।
प्रशासन प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास कर रहा है, लेकिन लोगों का आक्रोश कम नहीं हो रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यदि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया गया, तो विरोध और उग्र होगा। फिलहाल शहर में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।