दमोह

महादेव घाट पर बड़ा हादसा, पुल से 20 फीट नीचे गिरी बोलेरो, 8 लोगों की मौत 7 गंभीर

Mahadev Ghat Accident : महादेव घाट पर बने पुल पर तेज रफ्तार बोलेरो जीप अनियंत्रित होकर करीब 20 फीट नीचे सूखी नदी में जा गिरी। हादसे में वाहन में सवार 8 लोगों की मौत हो गई, जबकि 7 घायल हैं।

3 min read
Apr 22, 2025

Mahadev Ghat Accident :मध्य प्रदेश के दमोह जिले में स्थित महादेव घाट के पास दर्दनाक सड़क हादसा हो गया है। यहां सड़क पर दौड़ती तेज रफ्तार बोलेरो जीप महादेव घाट के पुल पर अनियंत्रित होकर पलटी और सीधे 20 फीट नीचे आ गिरी। हादसे में वाहन सवार 8 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को दमोह जिला अस्पताल एवं जबेरा स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती किया जा रहा है। इनमें से कुछ को जबलपुर भी रेफर किया गया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल एवं प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं। बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार वाहन में 15 से अधिक यात्री सवार थे।

दमोह जिले के नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत बनवार चौकी के समीप महादेव पुल घाट के पास ये हादसा हुआ है। बताया जा रहा है कि, तेज रफ्तार दौड़ती बेलोरो जीप अनियंत्रित होकर पलटी, फिर पुल से नीचे आ गिरी, जिससे जीप सवार 8 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि, 7 घायल हुए हैं। उनमें कई की हालत गंभीर है। स्थानीय लोगों का कहना है कि, वाहन तेज गति से आ रहा था, जिसे बोलेरो वाहन चालक पुल पर नियंत्रित नहीं कर सका और वाहन पुल से नीचे सूखी नदी में आ गिरा। हादसे की भीषणता का अंदाजा इसी से लगा सकते हैं कि पुल से नीचे गिरी बोलेरो जीप पूरी तरह से चकनातूर हो गई है।

वाहन के नीचे दबने से यात्रियों की मौत

जीप के उसके चारों पहिए ऊपर हो गए तथा सवारियां उसी के नीचे दब गईं। घटना में 8 लोगों की मृत्यु हुई है। स्थानीय ग्रामीणों ने वाहन को पलटते देखा तो तुरंत ही घटना की सूचना पुलिस को दी तथा स्वयं घायलों को बाहर निकलने का प्रयास करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार, थाना प्रभारी नोहटा और वनवार चौकी प्रभारी मनीष यादव सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। घायलों का रेस्क्यू कर उपचार के लिए रवाना कर दिया गया है। जबकि, शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार यात्री जबलपुर जिले के रहने वाले हैं।

हादसे में इन लोगों की गई जान

1-वैजयंती पति वीरन उम्र 65 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
2-लोग बाई पति हल्के सिंह उम्र 60 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
3-हल्की बाई पति बलवान सिंह उम्र 35 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
4-संपत बाई पति मुन्ना सिंह उम्र 50 वर्ष निवासी भैरव घाट पिपरिया।
5 गुड्डी बाई पति रज्जु सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी सुंदरा देही।
6 रचना पिता कल्याण सिंह उम्र 19 वर्ष निवासी पोंडी कटंगी।
7 तम्मना पिता देवेंद्र सिंह उम्र 10 वर्ष निवासी भीटा थाना शहपुरा, जबलपुर।
8 शिब्बू पिता हरी सिंह उम्र 8 वर्ष निवासी डुगरिया, जबलपुर।

कैंसर की दवा लेकर लौट रहे थे यात्री

बताया जा रहा है कि हादसे का शिकार हुए सभी लोग बोलेरो वाहन से घाट पिपरिया में किसी पंडा के यहां से कैंसर की दवा लेकर वापिस लौट रहे थे, तभी महादेव घाट सेतु पर हादसे का शिकार हो गए।

हादसे के बाद जागा प्रशासन

हादसे के बाद कलेक्टर और एसपी घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे की जानकारी ली। साथ ही कलेक्टर ने पुल के दोनों तरफ ग्रिल लगाने, खाई में मुरम की फिलिंग एवं दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर बनाने के लिये प्रधानमंत्री सड़क योजना के अधिकारियों को निर्देश दिए देते हुए तत्काल काम शुरु कराने को कहा है।

Updated on:
22 Apr 2025 01:24 pm
Published on:
22 Apr 2025 12:06 pm
Also Read
View All

अगली खबर