
shipra express attendants assaulted by unauthorized vendors, अस्पताल में इलाज कराने पहुंचे घायल अटेंडर्स (Source-Patrika)
Damoh Shipra Express Attendants Assault Case: मध्यप्रदेश में ट्रेनों में अनाधिकृत वेंडरों से जुड़ी मारपीट और अवैध गतिविधियों की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। ताजा मामला दमोह का है जहां शिप्रा एक्सप्रेस में अवैध वेंडरों ने एसी कोच के 3 अटेंडर्स के साथ मारपीट की है। तीनों घायल अटेंडर्स को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। मामले में सागर जीआरपी ने जीरो पर मामला दर्ज कर केस डायरी कटनी जीआरपी को भेज दी है।
हावड़ा-इंदौर शिप्रा एक्सप्रेस कटनी से दमोह के लिए रवाना हुई थी। इसी बीच रीठी और सलैया के बीच कुछ अनाधिकृत वेंडर एसी कोच में पहुंचे और एसी कोच अटेंडर्स पर बेड रोल के साथ शराब रखने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान एसी कोच ए-वन, ए-टू में कुछ बहस भी हुई। इसके बाद कुछ वेंडर गुट बनाकर आए और बी-4 एसी कोच पहुंचे। यहां भी शराब रखने के लिए कहा, लेकिन एसी कोच अटेंडर जय सिंह निवासी शाजापुर ने शराब रखने से मना कर दिया। इसके बाद वेंडरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की आवाज सुनते ही दो अन्य वेंडर भी वहां पहुंचे, जिनके साथ भी मारपीट की गई।
घायल एसी कोच अटेंडर जय सिंह राजपूत ने बताया कि वेंडर जान लेने पर उतारू थे, सभी नशे में थे। सलैया में चैन पुलिंग होने से ट्रेन रुक गई। इसके बाद वेंडरों ने ट्रेन से उतारकर एक अन्य अटेंडर को बुरी तरह पीटा और उसके सिर पर पत्थर आदि से भी हमला किया, जिससे उसका सिर फट गया। बाद में यात्रियों के दखल के बाद हमारी जान बच सकी और वेंडर वहां से फरार हो गए। इसके बाद ट्रेन के दमोह रेलवे स्टेशन पहुंचने पर रेलवे डॉक्टर द्वारा एसी कोच अटेंडर्स का प्राथमिक उपचार किया। साथ ही जीआरपी भी मौके पर पहुंची, जहां से तीनों घायलों को दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।
दमोह से कटनी के अनाधिकृत वेंडरों की रंगदारी, गुंडागर्दी की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। एसी कोच अटेंडर ने बताया कि वह जबरन एसी कोच में रखकर शराब बेचते हैं और रोकने पर मारपीट करते हैं। एक अटेंडर से बीते दिनों रुपए भी छुड़ा लिए थे। वहीं सलैया स्टेशन पर अप्रैल माह में वेंडरों ने यात्रियों के साथ मारपीट भी की थी, इसकी भी एफआइआर दर्ज है। कुछ पैसेंजर भी वेंडरों के रवैये की शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। खास बात यह है कि बिना कोई आईडी कार्ड और ड्रेस के ये अवैध वेंडर चल रहे हैं, बावजूद इससे आरपीएफ और जीआरपी इनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा है।
Updated on:
22 Aug 2026 07:32 pm
Published on:
22 Aug 2026 07:32 pm
