
students protest heavy rain demand road, बारिश में रोड पर बैठे छात्र-छात्राएं (Source- Patrika)
Damoh Students Road Protest: मध्यप्रदेश के दमोह की पटेरा तहसील के मझगुवां पतोल गांव में सड़क की समस्या को लेकर शनिवार दोपहर स्कूली छात्र-छात्राओं का आक्रोश सड़क पर देखने को मिला। तेज बारिश के बीच छात्रों ने हटा-पटेरा मुख्य मार्ग पर साइकिलें खड़ी कर चक्काजाम कर दिया। करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन में ग्रामीणों ने भी छात्रों का समर्थन किया। छात्रों की मांग थी कि मुख्य सड़क से करीब तीन किलोमीटर अंदर स्थित उनके स्कूल तक पक्की सड़क बनाई जाए। विद्यार्थियों का कहना है कि बारिश के दिनों में कच्चा रास्ता कीचड़ में तब्दील हो जाता है। इससे उन्हें स्कूल पहुंचने में परेशानी होती है और कई बार कीचड़ में फिसलने से चोट भी लग जाती है। वहीं, स्कूल की यूनिफॉर्म भी गंदी हो जाती है।
छात्रों ने बताया कि सड़क की समस्या पिछले कई वर्षों से बनी हुई है। स्कूल प्रबंधन, पंचायत सरपंच और संबंधित अधिकारियों को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों का कहना है कि करीब पांच वर्षों से सड़क की स्थिति खराब है। विद्यार्थियों के अलावा ग्रामीणों को भी इसी कच्चे मार्ग से आवागमन करना पड़ता है और बारिश में समस्या और बढ़ जाती है।
चक्काजाम की सूचना मिलते ही तहसीलदार उमेश तिवारी, हटा थाना प्रभारी सुधीर बेगी और विकासखंड शिक्षा अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने छात्रों और ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। इसके बाद तहसीलदार सहित अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर कच्चे मार्ग का निरीक्षण किया और सड़क की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया। मौके पर पटवारी सुधीर राज भी मौजूद रहे।
करीब एक घंटे तक चले प्रदर्शन के बाद अधिकारियों ने छात्रों और ग्रामीणों को जल्द वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था कराने का आश्वासन दिया। आश्वासन मिलने के बाद छात्रों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
हालांकि, वर्षों से चली आ रही सड़क की समस्या के स्थायी समाधान को लेकर अब भी सवाल बना हुआ है। छात्रों और ग्रामीणों को फिलहाल प्रशासन के आश्वासन के बाद वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था का इंतजार है। अब देखना होगा कि स्कूल तक पक्की सड़क की मांग कब तक पूरी होती है।
Updated on:
22 Aug 2026 09:34 pm
Published on:
22 Aug 2026 09:34 pm
