दमोह

दमोह में वार्डों में भेजे जाने लगे नगरपालिका के टैंकर, लोगों को पता ही नहीं

उपयंत्री व प्रभारी सीएमओ का कमाल, वार्डों में संकट बताकर सप्लाई का दावा, इधर शहर के अंतिम छोर तक जल सप्लाई का भी है दावा
2 min read
Jun 10, 2025
Feature image

दमोह. टैंकर के नाम पर पिछले साल में हुए गड़बड़झाला को रोकने इस वर्ष की शुरुआत में ही टैंकर व्यवस्था बंद कर दी गई थी। जिससे नगरपालिका की फिजूलखर्ची भी बची थी। साथ ही सप्लाई लाइन से नल से जल पहुंचाने का अधूरा काम भी पूरा होने लगा था, लेकिन अब उन वार्डों में भी टैंकर भेजना बताया जा रहा हैं, जहां पर्याप्त मात्रा में पानी पहुंच रहा है।
इस तरह पूरे मई माह में टैंकर से पानी सप्लाई करना भी बताया जा रहा है। जबकि इसकी भनक नगरपालिका अध्यक्ष तक को नहीं है। इधर, फिल्टर प्लांट से अनाधिकृत रूप से निजी टैंकर भरे जाने का काम भी धड़ल्ले से चल रहा है। जिसका व्यापार हो रहा है।
नगरपालिका की टैंकर व्यवस्था का जायजा लेने पत्रिका ने शहर के कुछ वार्ड बजरिया ४, बजरिया ८, वार्ड नंबर १ सहित अन्य जगहों का जायजा लिया। यहां के लोगों से पानी को लेकर चर्चा की, जहां नल से पानी आने की बात सामने आई। जिन जगहों पर पानी नहीं आ रहा था, वहां के लोगों ने नई पाइप लाइन में अवैध नल कनेक्शन होना बताया। जिसके कारण आगे तक पानी आना नहीं बताया। मनीष साहू ने बताया कि लोगों ने चार इंच की लाइन में १-१ इंच के कनेक्शन कर लिए हैं। जानकारी नगरपालिका को दी गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो सकी।

चंद टैंकर भेजे जा रहे, बिल सैकड़ों के
पड़ताल में पता चला है कि वार्डों में प्रतिदिन दो-दो टैंकर भेजा जाना तय हुआ है। इसके लिए वार्डों के एरिया भी तय किए गए हैं। साथ ही दो टैंकर इसके लिए अधिकृत भी किए गए हैं। इन टैंकरों से इन वार्डों में एक-दो दिन छोड़कर कभी-कभार ही पानी ले जाया जा रहा है, जबकि बिल दिन में दो टैंकर के हिसाब से ही बनाए जा रहे हैं। मई माह में टैंकरों के बिल किस्तों में बनाए गए हैं। खास बात यह है कि इसकी जानकारी उपयंत्री ने नगरपालिका अध्यक्ष को भी देना जरूरी नहीं समझा है।

अनाधिकृत रूप से भी भरे जा रहे टैंकर
इधर, फिल्टर प्लांट से अनाधिकृत रूप से भी पानी के निजी टैंकरों को भरा जा रहा है। पुराने फिल्टर की पिछले हिस्से से यह काम किया जा रहा है। यहां से रोजाना ५० से अधिक टैंकर भरे जा रहे हैं। जो शहर में पानी बेचने का काम करते हैं। इनके से अधिक निजी बारात घरों, शादी गॉर्डन में बेचे जा रहे हैं। इसके अलावा कुछ लोग आरओ प्लांट सहित अन्य व्यवसायिक कार्यों में भी टैंकर का उपयोग कर रहे हैं। जबकि यह पानी नगरपालिका के फिल्टर प्लांट से चोरी कर ले रहे हैं। इस संबंध में जब उपयंत्री जितेंद्र पटेल से जानकारी लेने कॉल किया गया, तो उन्होंने कॉल नहीं लिया।

वर्शन

  • मई माह से टैंकर की व्यवस्था बनाई गई थी। जिन क्षेत्रों में पानी नहीं पहुंच रहा था, वहां टैंकर से पानी पहुंचाया जा रहा था। १५ दिन में यह व्यवस्था बंद कर दी जाएगी।सुरेंद्र अहिरवार, एई नगरपालिका दमोह
Updated on:
10 Jun 2025 06:57 pm
Published on:
10 Jun 2025 06:57 pm