दमोह

सार्वजनिक शौचालय का टैंक फूटा गंदगी बह रही सड़क पर

कई हिस्सों में पानी नहीं आ रहा तो कहीं नाली व सड़क नहीं बनी  
2 min read
• •
Updated: 8 Oct 2022, 7:52 PM IST
Public toilet tank explodes on the road flowing dirt
Public toilet tank explodes on the road flowing dirt

दमोह. बजरिया वार्ड नं. 2 में गजानन पहाड़ी के नीचे वाले हिस्से में सार्वजनिक शौचालय बनाया गया था, जिसका रखरखाव न होने से टैंक फूट गया है, जिसकी गंदगी मुख्य सड़क से बह रही है। इस वार्ड में संकरी गलियों में रोड व नाली की समस्या है। जिससे लोग खासे परेशान हैं।
बजरिया वार्ड नं. 2 का रिहायशी इलाका कंछेदी मम्मा के घर से करके मोहल्ला होते हुए चांदनी चौक आता है। यह वार्ड गजानन टेकरी की तलहटी के किनारे बसा हुआ है। गजानन टेकरी पर ऊपर चढ़ते से ही वार्ड की शुरुआत में सार्वजनिक शौचालय बनाया गया है, जिसकी गंदगी मुख्य सड़क मार्ग से बह रही है। यहां के आसपास के लोग इस गंदगी से परेशान हैं। इस रास्ते पर सामुदायिक भवन बनाया गया है, जो एक घरनुमा बना दिया गया है। जिसकी पूरी राशि भी आहरित कर ली गई और यह भवन आधा अधूरा होने से अनुपयोगी साबित हो रहा है। जबकि बताया जा रहा है कि इस भवन निर्माण की पूरी राशि निकालकर इस भवन को पूर्ण बताया जा रहा है। वार्ड के अंदर भ्रमण करने पर घरों से निकली नालियां कच्ची हैं। अंदरूनी सड़कें भी क्षतिग्रस्त हैं। एक जगह डामर रोड होन पर यहां खुला चैंबर खोला गया है, जिससे हादसों की आशंका बन रही है। इस वार्ड के कई हिस्सों में सफाई व्यवस्था भी कुछ हिस्सों में दिखाई दी कुछ जगह कचरे के ढेर लगे हुए मिले। इस वार्ड में पेवर ब्लॉक लगाए गए थे, लेकिन पेयजल पाइप लाइन बिछाए जाने के कारण बीच से बगल से उखाड़ दिए गए। जयंती कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा रेस्टोरेशन का कार्य नहीं किया गया है। जबकि इसके टेंडर में पाइप लाइन के लिए क्षतिग्रस्त की गई सड़कों के रेस्टोरेशन का कार्य किया जाना था। इस वार्ड में अतिक्रमण भी दिखाई दिया है। जिससे भी सड़कों व नालियों की समस्या बनी हुई है। यह वार्ड पानी की टंकी के नीचे होने से यहां पर पेयजल की समस्या नहीं है, लेकिन कुछ हिस्सों में नई पाइप लाइन का पानी सही तरीके से सप्लाई न होने के कारण लोगों को परेशानी हो रही है।
प्रस्ताव डाले
पार्षद हलीमा सादिया का कहना है कि वार्ड में 4 नालियों व एक सड़क का प्रस्ताव डाला है। वार्ड में छोटी नालियों के साथ ही मुख्य सड़क का निर्माण कराया जाना है। सामुदायिक भवन अधूरा है, जिसे पूरा कराकर जन समुदाय को समर्पित करना है। सुलभ शौचालय के टैंक में सुधार कराया गया है, लेकिन लीकेज के कारण मुख्य रास्ते पर गंदगी फैल रही है, जिसका निदान कराना भी मुख्य एजेंडे में शामिल हैं।

Published on: