दमोह

तीसरी जांच रिपोर्ट से खफा एसपी, सीएमएचओ से नौ बिंदुओं पर मांगा जवाब

दमोह. विद्या हॉस्पिटल में करीब दो महीने पहले मरीज सचिन अग्रवाल की मौत के मामले में कार्रवाई अब भी जांच प्रतिवेदनों और विभागीय अभिमत के बीच अटकी हुई है। खासबात यह है कि तीसरी जांच रिपोर्ट से संतुष्ट…
2 min read
• •
Updated: 28 Nov 2026, 5:07 PM IST
Madhya Pradesh News

दमोह. विद्या हॉस्पिटल में करीब दो महीने पहले मरीज सचिन अग्रवाल की मौत के मामले में कार्रवाई अब भी जांच प्रतिवेदनों और विभागीय अभिमत के बीच अटकी हुई है। खासबात यह है कि तीसरी जांच रिपोर्ट से संतुष्ट नहीं होने पर पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने एक बार फिर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय से जवाब मांगा है। एसपी ने पत्र लिखकर नौ बिंदुओं पर स्थिति स्पष्ट करने के निर्देश दिए हैं। इधर, सीएमएचओ चार दिन के अवकाश पर बताए जा रहे हैं।

मामले में सबसे पहले तीन सदस्यीय जांच कमेटी गठित की गई थी। हालांकि, कलेक्टर इस जांच से संतुष्ट नहीं थे। इसके बाद पांच सदस्यीय टीम से दोबारा जांच कराई गई। इस जांच में ऑपरेशन के दौरान गंभीर कमियां सामने आने की बात कही गई। जांच प्रतिवेदन में यह भी उल्लेख किया गया कि सर्जन डॉ. पीतांबर बुधवानी ने मरीज को एनेस्थीसिया का इंजेक्शन लगाया था।

दूसरी जांच का प्रतिवेदन पुलिस अधीक्षक तक पहुंचा, लेकिन उसमें सीएमएचओ की ओर से कमियों पर स्पष्ट अभिमत और कार्रवाई की अनुशंसा नहीं की गई थी। इसके बाद एसपी ने सीएमएचओ को पत्र लिखकर विभागीय अभिमत मांगा था। जवाब में सीएमएचओ ने तीसरी जांच टीम गठित कर दी।

तीसरी टीम ने नई जांच के बजाय पुरानी रिपोर्ट पर जताई सहमति

तीसरी जांच को लेकर सामने आया कि टीम ने नए सिरे से जांच करने के बजाय दूसरी पांच सदस्यीय कमेटी की रिपोर्ट से सहमति जताई। इसके बावजूद प्रतिवेदन में सीएमएचओ का स्पष्ट अभिमत शामिल नहीं हुआ। इसी बात को लेकर एसपी ने नाराजगी जताते हुए नौ बिंदुओं पर जवाब मांगा है। पुलिस को अब यह स्पष्ट होना है कि जांच में सामने आई कमियों के आधार पर आगे क्या कार्रवाई प्रस्तावित की जा सकती है।

गुमराह कर रही रिपोर्ट

जांच रिपोर्ट में सीधे तौर पर यह उल्लेखित होना चाहिए कि ऑपरेशन में किसी तरह की लापरवाही हुई है, उसके लिए कौन और किस धारा में जिम्मेदार है, लेकिन रिपोर्ट में इस तरह की कोई बात नहीं है। सीएमएओ को दूसरी बार पत्र लिखा है, नौं बिंदुओं पर स्पष्ट जवाब मांगा है।

Updated on:
28 Nov 2026, 5:07 PM IST
Published on: