जनता के चुने पंच ने ही टॉयलेट को बदल दिया किचन में, ग्राम पंचायत घटेरा का मामला
दमोह. देश में स्वच्छता अभियान को मर्यादा का अभियान मानकर खुले में शौच से मुक्ति दिलाने पानी की तरह पैसा बहाया जा रहा है, लेकिन इस अभियान को पलीता लगाने में जनता के चुने हुए जनप्रतिनिधि ही लगे हुए हैं। ऐसा ही हैरत में डाल देने वाला मामला दमोह जिले की जनपद पंचायत जबेरा की ग्राम पंचायत घटेरा में सामने आया है।
ग्राम पंचायत घटेरा के वार्ड क्रमांक 12 की महिला पंच फूलाबाई पति झुर्रा अहिरवार ने घर के बाजू मे बने शौचालय की दीवार तोड़कर, सीट उखाड़कर शौचालय में मिट्टी का चूल्हा बनाकर उसमें खाना पकाया जा रहा है। जो भी ग्रामीण पंच के इस कारनामें गए। इस अनोखे मामले को देख रहा है। वह हैरत में नजर आ रहा है। जब ग्राम पंचायत का पंच इस तरह स्वच्छ भारत अभियान को मजाक बनाकर रख दिया हो तो ग्रामीणों से अभियान के उद्देश्य को पूर्ण करने की आस रखना कहा तक उचित होगा।
वहीं पंच फूलाबाई ने इस योजना की गड़बड़ी को उजागर करते हुए बताया कि ग्राम पंचायत ने शौचालय का निर्माण ठेके पर कराया था। इस दौरान न ही फर्शी पत्थर दिया गया और न ही शौचालय के लिए दरवाजा उपलब्ध कराया गया। जिससे मवेशी घुस रहे थे। उन्हीं ने दीवार गिरा दी। जिससे उन्होंने सीट उखाड़कर शौचालय की जगह रसोईघर बना ली है। इस मामले में गांव के रोजगार सहायक का कहना है कि शौचालय निर्माण के समय पंच फूलाबाई को पूरी सामग्री दी गई थी। जिसके बाद शौचालय निर्माण की फोटो भी खींची गई थी, महिला पंच ने स्वयं शौचालय तोड़ दिया है।
वर्जन
मेरे पास अभी तक ऐसी शिकायत नहीं आई है, मैं स्वयं जानकारी ले रहा हूं कि आखिर शौचालय को तोड़कर रसोईघर क्यों बना लिया गया है। इस बारे में पंच से जानकारी ली जाएगी।
सरमन यादव, सचिव, ग्राम पंचायत घटेरा
वर्जन
घटेरा ग्राम पंचायत का यह मामला मेरे संज्ञान में लाया गया है, जिसमें पंच हितग्राही के द्वारा शौचालय को रसोई घर बनाकर उसका इस्तेमाल किया जा रहा है। सचिव से जानकारी लेकर निर्माण एजेंसी व पंच को नोटिस जारी कर जवाब-तलब किया जाएगा।
आरपी पटेल, सीईओ, जपं जबेरा