दमोह

शिप्रा एक्सप्रेस में तीन एसी कोच अटेंडर से वेंडरों ने की मारपीट, दमोह-कटनी के बीच वारदात

बेड रोल की जगह शराब नहीं रखने पर हुई थी बहस, बाद में ट्रेन से उतारकर मारा, कटनी- दमोह रेल रूट पर आए दिन सामने आ रहे घटनाक्रम, अनाधिकृत वेंडर करते हैं यात्रियों और स्टाफ से मारपीट
2 min read
Aug 22, 2026
Damoh Railway News
Damoh Railway News

दमोह : ट्रेनों में अनाधिकृत वेंडरों की बढ़ती संख्या अब अपराधों में बदलने लगी हैं। ताजा घटनाक्रम शिप्रा एक्सप्रेस में सामने आया है, जहां वेंडरों ने इस बार एसी कोच अटेंडर्स को निशाना बनाया है। तीन घायल अटेंडर्स को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत गंभीर है। मामले में सागर जीआरपी में शून्य पर प्रकरण दर्ज किया गया है, जहां से प्रकरण कटनी जीआरपी को भेजा गया है।
मामले में बताया गया है कि हाबड़ा-इंदौर शिप्रा एक्सप्रेस शुक्रवार को कटनी से दमोह के लिए रवाना हुई थी। इसी बीच रीठी और सलैया के बीच कुछ अनाधिकृत वेंडर एसी कोच में पहुंचे और एसी कोच अटेंडर्स पर बेड रोल के साथ शराब रखने का दबाव बनाने लगे। इस दौरान एसी कोच ए-वन, ए-टू में कुछ बहस भी हुई। इसके बाद कुछ वेंडर गुट बनाकर आए और बी-4 एसी कोच पहुंचे। जहां भी शराब रखने के लिए कहा, लेकिन एसी कोच अटेंडर जय सिंह निवासी शाजापुर ने शराब रखने से मना कर दिया। इसके बाद वेंडरों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। मारपीट की आवाज सुनते ही दो अन्य वेंडर भी वहां पहुंचे, जिनके साथ भी मारपीट की गई।

सलैया में ट्रेन से उतारकर पत्थर से सिर फोड़ा


घायल एसी कोच अटेंडर जय सिंह राजपूत ने बताया कि वेंडर जान लेने पर उतारू थे। सभी नशे में थे। सलैया में चैन पुलिंग होने से ट्रेन रुक गई। इसके बाद वेंडरों ने ट्रेन से उतारकर एक साथी को बुरी तरह पीटा और उसके सिर पर पत्थर आदि से भी हमला किया, जिससे उसका सिर फट गया। बाद में यात्रियों के दखल के बाद हमारी जान बच सकी और वेंडर वहां से फरार हो गए। इसके बाद दमोह रेलवे स्टेशन पहुंची ट्रेन पर रेलवे डॉक्टर द्वारा एसी कोच अटेंडर्स का प्राथमिक उपचार किया। साथ ही जीआरपी भी मौके पर पहुंची, जहां से तीनों घायलों को दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका उपचार चल रहा है।

लगातार कर रहे गुंडागर्दी, बीते महीनों में यात्रियों से की थी मारपीट


दमोह से कटनी के अनाधिकृत वेंडरों की रंगदारी, गुंडागर्दी की लगातार शिकायतें सामने आ रही हैं। एसी कोच अटेंडर ने बताया कि वह जबरन एसी कोच में रखकर शराब बेचते हैं और रोकने पर मारपीट करते हैं। एक अटेंडर से बीते दिनों रुपए भी छुड़ा लिए हैं। वहीं सलैया स्टेशन पर अपे्रल माह में वेंडरों ने यात्रियों के साथ मारपीट भी की थी। इसकी भी एफआइआर दर्ज है। जबकि कुछ पैसेंजर भी वेंडरों के रवैये की शिकायतें दर्ज करा चुके हैं। खास बात यह है कि बिना कोई आईडी कार्ड और डे्रस के ये अवैध वेंडर चल रहे हैं, बावजूद इससे आरपीएफ और जीआरपी इनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई नहीं कर रहा हैं।

वर्शन


एसी कोच अटेंडर्स के घायल होने की सूचना पर तत्काल उनका उपचार जिला अस्पताल में कराया गया। देहाती नालसी के तहत सागर जीआरपी थाना में शून्य पर प्रकरण दर्ज किया गया। साथ ही कटनी क्षेत्र का मामला होने के कारण कटनी थाना रेफर किया गया है।


शेख जुम्मन, प्रभारी जीआरपी सहायता केंद्र दमोह


Updated on:
22 Aug 2026 06:56 pm
Published on:
22 Aug 2026 06:56 pm