World Yoga Day 2024 : योग साधना के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी कर रहे हैं दोनों बच्चे। हर रोज पढ़ाई करने के बाद समय निकालकर स्वीमिंग पूल आकर पानी पर योग साधना करत हैं श्रेष्ठ और श्रुति।
World Yoga Day 2024 : हर साल की तरह इस साल भी भारत में बड़े उत्साह के साथ विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है। योग दिवस को लेकर लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। खास बात ये है कि योग दिवस को लेकर नौजवान ही नहीं, बल्कि बुजुर्गों और बच्चों में भी खासा उत्साह नजर आ रहा है। कुछ ऐसा ही खासा उत्साह मध्य प्रदेश के दमोह में रहने वाले भाई-बहन में भी देखने को मिला। दोनों बच्चों ने पानी में अपने अनोखे जल योग का हुनर दिखाया। छोटे छोटे बच्चों की पानी पर कलाबाजी देख हर कोई हैरान रह गया।
आज विश्व योग दिवस मनाया जा रहा है। जैसे जैसे वक्त बदल रहा है वैसे वैसे जिंदगी जीने के तरीकों में भी बदलाव हो रहे हैं। योग के साथ-साथ अब जल योग भी लोगों को अपनी ओर खासा आकर्षित कर रहा है। इसी बीच दमोह में रहने वाले 10 वर्षीय श्रेष्ठ तिवारी और 8 वर्षीय उसकी बहन श्रुति तिवारी विश्व योग दिवस के मौके पर स्वीमिंग पूल में जलयोग करते नजर आए। इनके जल योग की कला देखकर आप इनकी सराहना किए बिना नहीं रहेंगे। खास बात ये है कि ये भाई बहन स्विमिंग के महारथी हैं। साथ ही ये जल योग की विशेष साधना में भी परांगत हो रहे हैं।
इनकी बिना हाथ-पैर चलाए पानी में तैरकर जलयोग करने की कला लोगों को अचरज में डाल रही है। विश्व योग दिवस पर बच्चे संकल्पित हैं कि हम जलयोग के विश्व रिकॉर्ड को टारगेट कर रोज प्रैक्टिस में लगे हुए हैं और जल्द ही विश्व रिकॉर्ड तोड़ने का जज्बा इनके बाल मन ने सजोया हुआ है। दोनो भाई बहन हर रोज स्कूल से पढ़ाई करने के बाद बचने वाले समय को स्विमिंग पूल में देते हैं और योग और व्यायाम के जरिए निरोग रहने का संदेश देते हैं। श्रुति तिवारी का कहना है कि वो योग साधना के जरिए विश्व रिकॉर्ड बनाना चाहती है तो वहीं श्रेष्ठ का कहना है कि योग हमारी भारतीय संस्कृति है। अगर हम ही इसमें पारंगत नहीं रहते तो अपनी संस्कृति की रक्षा कैसे करेंगे।