दंतेवाड़ा

विदेशी बुखार से तड़प रही मासूम ने तोड़ा दम, इस गांव के 37 ग्रामीणों को मलेरिया ने लिया चपेट में

दैनिक उपयोग वस्तुओं के साथ मच्छरदानी दी। स्वास्थ्य परीक्षण हुआ। इस स्वास्थ्य जांच में 37 ग्रामीणों को मलेरिया पाजीटिव । जिन्हें दवा और सलाह दी गई।
2 min read
• •
Updated: 12 Dec 2017, 1:14 PM IST
विदेशी बुखार से तड़प रही मासूम ने तोड़ा दम
जापानी बुखार

दंतेवाड़ा . स्वास्थ्य विभाग की तमाम कोशिशें जापानी बुखार के आगे दम तोड़ रही है। एक और मेकॉज में भर्ती जिले की मासूम ने दम तोड़ दिया। राहत की बात यह है कि मासूम का छोटा भाई पहले से बेहतर है। बचेली के बेंगपाल की रहने वाली पांच वर्षीय मासूम के शव को गृहग्राम सोमवार को लाया गया। यहां उसका अंतिम संस्कार किया गया। डॉक्टरों के मुताबिक मृतिका के छोटे भाई सागर की हालत में सुधार है। सागर को भी डिस्चार्ज कर परिजन बेंगपाल ले आए हैं।

स्वास्थ्य विभाग गदापाल और बेंगपाल में टीम बनाकर सर्वे कर रही है। एक सप्ताह से निरंतर चल रही जांच में अभी तक आधा सैकड़ा मरीज मलेरिया पीडि़त पाए गए। इस बड़े आंकड़े के बाद अधिकारी चौकन्ने हो चुके हैं। हालांकि सर्वे के दौरान कोई भी जापानी बुखार से अभी पीडि़त नहीं मिला है। बावजूद अमला गदापाल और बेंगपाल के सरहदी एक दर्जन गांवों में नजर लगाए हुए हैं। लोगों को साफ.-सफाई की समझाइश के साथ जापानी बुखार और मलेरिया के लक्षण बता रहे हैं। साथ ही हैंडपंप और अन्य जगहों पर पानी का जमाव न होने देने की बात बता रहे हैं। लेकिन स्वास्थ्य विभाग से बनाई गई टीमें पूरी तरह से संजीदा नहीं है।

रविवार होने के चलते गदापाल और बेंगपाल के आसपास के गांव में जांच नहीं की गई। सोमवार को एक बार फिर ये टीमें जांच करने पहुंची थी। जबकि अधिकारियों का सख्त आदेश है कि 18 तारीख तक इन सभी गांव का सर्वे करके रिपोर्ट सौंपी जाए।

इधर, तुमकपाल कैंप में जांच के दौरान 37 ग्रामीण मलेरिया पीडि़त मिले
कटेकल्याण के तुमकपाल में खुले नए सीआरपीएफ कैंप में लोगों से आत्मीय संबंध बनाने सिविक एक्शन कार्यक्रम किया गया। तुमकपाल सहित आसपास के गांव से सैकड़ो ग्रामीण पहुंचे थे। जिन्हें दैनिक उपयोग की वस्तुओं के साथ मच्छरदानी दी गई। स्वास्थ्य परीक्षण भी हुआ। इस स्वास्थ्य जांच में 37 ग्रामीणों को मलेरिया पाजीटिव पाया गया। जिन्हें दवा और सलाह दी गई है।

कार्यक्रम में आईजी विवेकानंद सिन्हा सहित एसपी कमलोचन कश्यप, कलक्टर सौरभ कुमार, सीएचएमओ डॉ एचएल ठाकुर और अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार कैंप में 190 लोग बुखार व मौसमी बीमारी के साथ पहुंचे थे। जिन्हें जांच के बाद दवाएं दी गई। कुछ मरीजों को कटेकल्याण और दंतेवाड़ा उपचार के लिए जाने सलाह दी गई। वहीं मौके पर जांच के दौरान 37 बुखार पीडि़तों को मलेरिया पॉजीटिव पाया गया। इनमें 33 मरीज पेल्सीफेरम, दो वाइवेक्स व दो मिक्स मलेरिया के हैं। सीएचएमओ ने ग्रामीणों को साफ.सफाई की सलाह देते बुखार पर तत्काल जांच करवाने कहा। शिविर में पहुंचे ग्रामीणों को 650 मलेरिया रोधी मच्छरदानी बांटी गई।

Published on: