
मांसपेशियों की कमजोरी, कमर दर्द, पेल्विक क्षेत्र में भारीपन और चलने-फिरने में परेशानी प्रमुख हैं। इन समस्याओं से परेशान होकर हर दिन करीब 8 से 10 महिलाएं उपचार के लिए अस्पताल पहुंच रही हैं। इस हिसाब से महीनेभर में करीब 240 से 300 महिलाएं इन समस्याओं के चलते उपचार के लिए पहुंचती हैं। विशेषज्ञों के अनुसार गर्भावस्था और प्रसव के दौरान शरीर की अंदरूनी मांसपेशियों पर अधिक दबाव पड़ता है। इससे पेल्विक फ्लोर और पेट की गहरी मांसपेशियां कमजोर हो सकती हैं। जिला चिकित्सालय के वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. मोहम्मद कुमैल जैदी के अनुसार गर्भावस्था के दौरान बच्चे का वजन बढ़ने और प्रसव की प्रक्रिया के कारण पेल्विक फ्लोर की मांसपेशियों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है। ये मांसपेशियां पेट, कमर और रीढ़ की हड्डी को सहारा देने के साथ शरीर का संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके कमजोर होने या आपसी तालमेल बिगड़ने से महिलाओं को कमर दर्द, उठने-बैठने में परेशानी, चलने की गति कम होने और शरीर का संतुलन बिगड़ने जैसी शिकायतें हो सकती हैं।
प्रसव के बाद महिलाओं की रिकवरी उनकी शारीरिक स्थिति और परेशानी की गंभीरता पर निर्भर करती है। यदि मांसपेशियों की कमजोरी सामान्य है और समय पर उपचार शुरू हो जाता है तो करीब 15 दिन में सुधार हो सकता है। वहीं, यदि समस्या लंबे समय से बनी हुई है या मांसपेशियों में अधिक कमजोरी है तो रिकवरी में एक से दो महीने तक का समय लग सकता है। इसके लिए नियमित फिजियोथेरेपी और विशेषज्ञ की सलाह के अनुसार व्यायाम जरूरी है।
प्रसव के बाद महिलाओं की शारीरिक स्थिति का परीक्षण कर जरूरत के अनुसार फिजियोथेरेपी कराई जाती है। इसमें पेल्विक फ्लोर एक्सरसाइज, पेट की अंदरूनी मांसपेशियों को मजबूत करने वाले व्यायाम, सांस लेने का सही तरीका और कमर व कूल्हों की मांसपेशियों की कसरत शामिल है। इसके साथ शरीर का संतुलन सुधारने और सामान्य तरीके से चलने का अभ्यास भी कराया जाता है। इन गतिविधियों से मांसपेशियों की ताकत और शारीरिक कार्यक्षमता बेहतर बनाने में मदद मिलती है।
डॉक्टर के अनुसार प्रसव के बाद व्यायाम शुरू करने का समय सामान्य प्रसव या सिजेरियन डिलीवरी, घाव भरने और महिला की स्वास्थ्य स्थिति पर निर्भर करता है। इसलिए डॉक्टर की सलाह और फिजियोथेरेपिस्ट से जांच कराने के बाद ही व्यायाम शुरू करना चाहिए। हर महिला के लिए केवल कीगल एक्सरसाइज पर्याप्त नहीं होती। कुछ महिलाओं में मांसपेशियों में कमजोरी, जबकि कुछ में अत्यधिक तनाव की समस्या हो सकती है। ऐसे में उनकी स्थिति के अनुसार व्यायाम और उपचार जरूरी है।
प्रसव के बाद महिलाओं को होने वाली मांसपेशियों की कमजोरी और कमर दर्द को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर फिजियोथेरेपी और सही व्यायाम से शरीर की ताकत व संतुलन वापस पाने में मदद मिलती है। साथ ही महिलाओं को बिना विशेषज्ञ की सलाह के व्यायाम शुरू नहीं करना चाहिए।
डॉ. मोहम्मद कुमैल जैदी, वरिष्ठ फिजियोथेरेपिस्ट, जिला चिकित्सालय दतिया