
Congress Candidate Ghanshyam Singh Files Nomination : मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा में उपचुनाव के बीच बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां सोमवार को नामांकन दाखिल करने कलेक्ट्रेट पहुंचे कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह के साथ समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव भी बड़ी संख्या में अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। यहां उन्होंने उपचुनाव के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी का समर्थन करते हुए उनके साथ विधानसभा के रण में उतरने का ऐलान कर दिया है। अब राजनीतिक जानकारों का कहना है कि, सपा का ये फैसला क्षेत्र में प्रदेश की सत्ताधारी भाजपा के सामने मुश्किल खड़ी कर सकता है।
कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने सोमवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचकर नामांकन दायर करने के आखिरी दिन अपना नामांकन फार्म दाखिल कर दिया है। इस दौरान उनके साथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, भांडेर विधायक फूल सिंह बरैया समेत कांग्रेस के कई नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी पहुंचे। खास बात ये रही कि, इस दौरान उनके साथ समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव भी उनके साथ रहे। उन्होंने चुनाव में कांग्रेस को समर्थन देने की घोषणा की है।
आज सुबह कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने मां पीतांबरा और भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर चुनावी अभियान की शुरुआत की। उन्होंने पीतांबरा पीठ पहुंचकर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और इसके बाद प्राचीन बनखंडेश्वर महादेव मंदिर में जलाभिषेक कर प्रदेश और क्षेत्र की खुशहाली तथा चुनाव में सफलता की कामना की। इसके बाद वो पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे और प्रत्याशी के तौर पर अपना नामांकन दाखिल किया।
कलेक्ट्रेट पहुंचे घनश्याम सिंह के साथ सिर्फ दिग्गज कांग्रेसी ही शामिल नहीं थे। समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव भी बड़ी संख्या में अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंच गए। यहां उन्होंने नामांकन दाखिल कर रहे कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह को अपना समर्थन देने की घोषणा कर दी। उन्होंने कहा कि, वो भी कांग्रेस प्रत्याशी को जिताएंगे हम इंडिया गठबंधन के साथ हैं यानी कांग्रेस के साथ हैं। समाजवादी पार्टी का ये फैसला दतिया में विरोध के सुर झेल रही भाजपा के लिए बड़ी चुनोती साबित हो सकता है। क्योंकि, दतिया में यादव वोटरों का भी खासा प्रभाव है।
नामांकन के बाद बाईपास रिंग रोड स्थित सभा स्थल पर कांग्रेस की विशाल आमसभा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। नामांकन के बाद घनश्याम सिंह समेत सभी कांग्रेसी आयोजन स्थल के लिए रवाना हो गए। कार्यक्रम को कांग्रेस शक्ति प्रदर्शन के रूप में आयोजित कर रही है।
मीडिया से बातचीत में कांग्रेस प्रत्याशी घनश्याम सिंह ने दतिया की मूलभूत समस्याओं को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया। उन्होंने कहा कि, जिले में बिजली, पानी और सड़कों की समस्या बनी हुई है। अस्पतालों में स्वास्थ्य सेवाएं संतोषजनक नहीं हैं और स्कूल-कॉलेजों में शिक्षा व्यवस्था भी प्रभावित है। उन्होंने आरोप लगाया कि दतिया में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम गरीब व्यक्ति की कहीं सुनवाई नहीं होती। घनश्याम सिंह ने कहा कि, युवाओं को वास्तविक मुद्दों से भटकाया जा रहा है। उनके अनुसार जिले में ड्रग्स, जुआ और सट्टे का चलन तेजी से बढ़ा है, जिससे युवा गलत दिशा में जा रहे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी ने कहा कि किसान बढ़ती लागत से परेशान हैं। बिजली, खाद, बीज और दवाइयों की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं, लेकिन किसानों की उपज का उचित मूल्य नहीं मिल रहा। उन्होंने दावा किया कि युवा, किसान, महिलाएं, व्यापारी और समाज का हर वर्ग परेशान है तथा जनता अब बदलाव चाहती है। उन्होंने कहा कि दतिया में भाजपा सरकार के खिलाफ लोगों में आक्रोश है और दतिया उपचुनाव परिवर्तन का अवसर बनेगा।