
narottam mishra reaction bjp ticket datia by election, नरोत्तम मिश्रा की पुरानी तस्वीर (source- patrika)
Datia By Election Narottam Mishra Ticket Reaction: मध्यप्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव के लिए सबसे प्रबल दावेदार माने जा रहे पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा को टिकट न मिलने के बाद हुए बवाल के बाद पार्टी डैमेज कंट्रोल करने में जुटी हुई है। इसी बीच दिल्ली में रविवार को नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की। मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते वक्त नरोत्तम मिश्रा एक सवाल के जवाब में ऐसा कुछ कह गए जिससे टिकट कटने का उनका दर्द बयां हो गया।
नरोत्तम मिश्रा से जब मीडियाकर्मी ने पूछा कि आप मध्यप्रदेश में इस तरह की चर्चाएं चल रही हैं कि नरोत्तम मिश्रा का बड़ा कद उनकी टिकट कटने का कारण बन गया क्योंकि अब मध्यप्रदेश में कोई और बड़ा नेता नहीं चाहता था? इसके जवाब में नरोत्तम मिश्रा ने कहा- ये तो तय हो गया कि कद बड़ा नहीं है, टिकट नहीं मिला न। तो आपका जवाब तो इसी में है और पार्टी बहुत ऊपर होती है, हमसे ज्यादा दूर तक देख सकती है, वो वहां है। उन्होंने आगे कहा कि पार्टी ने जिसे टिकट दिया है, सब उसे सिर माथे पर रखेंगे, उसका काम करेंगे। नरोत्तम मिश्रा ने ये भी कहा कि टिकट कटने का क्षणिक आवेश आया था जो अब शांत हो चुका है।
देखें वीडियो-
इससे पहले शनिवार देर शाम को भोपाल में नरोत्तम मिश्रा ने सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से सीएम हाउस में मुलाकात की थी। इस दौरान सभी नेताओं के बीच विचार विमर्श व बातचीत हुई थी। इस मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुलाकात की है। नरोत्तम मिश्रा हमारी पार्टी के वरिष्ठ व सम्मानित नेता हैं। उनके मार्गदर्शन में हम दतिया उपचुनाव लड़ेंगे और भारी बहुमत से जीतेंगे। इस दौरान हेमंत खंडेलवाल ने दतिया में हुए पदाधिकारियों के इस्तीफे को लेकर कहा था कि मुझे किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा नहीं मिला है। पार्टी संगठन ने तय किया है कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा।
दतिया उपचुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। वहीं, उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को पूरी कर ली जाएगी।
Updated on:
12 Jul 2026 08:10 pm
Published on:
12 Jul 2026 07:51 pm
