12 जुलाई 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

दतिया उपचुनाव: नरोत्तम मिश्रा ने दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात की

datia by election: नरोत्तम मिश्रा ने बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन के दिल्ली आवास पर पहुंचकर मुलाकात की, मीडिया से बोले- 'न मैं कभी नाराज था, न हूं और न ही नाराज होऊंगा'।
2 min read
Google source verification
narottam mishra meets nitin nabin

narottam mishra meets nitin nabin, पुरानी तस्वीर (सोर्स- नरोत्तम मिश्रा फेसबुक पेज)

datia by election narottam mishra meets nitin nabin: मध्यप्रदेश के दतिया में होने वाले उपचुनाव में नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने के बाद शुरु हुआ सियासी हंगामा अब शांत होता नजर आ रहा है। शनिवार देर शाम सीएम मोहन यादव और बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवार से हुई मुलाकात के बाद रविवार को दिल्ली में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन ने नरोत्तम मिश्रा से बातचीत की है। नरोत्तम मिश्रा नितिन नवीन के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे थे, जहां दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई है।

'न कभी नाराज था, न हूं और न होऊंगा'

दिल्ली में पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन से मुलाकात करने के बाद मीडिया से बात करते हुए नरोत्तम मिश्रा ने एक बार फिर साफ-साफ कहा है कि- वो न कभी नाराज थे और न ही नाराज हैं और न ही कभी पार्टी से नाराज हो सकते हैं। हालांकि उन्होंने इस दौरान उन्होंने ये भी कहा कि क्षणिक आवेश आया था जो अब शांत हो चुका है।

'भाजपा में ही जन्मा, भाजपा में ही मरूंगा'

दिल्ली में नितिन नबीन से मुलाकात के बाद नरोत्तम मिश्रा ने किसी दूसरी पार्टी में शामिल होने को लेकर चल रही अटकलों पर भी पूर्ण विराम लगा। नरोत्तम मिश्रा ने साफ-साफ कहा कि 'भाजपा में ही मेरा जन्म हुआ है और मैं मरूंगा भी भाजपा में ही।' दतिया से पार्टी की ओर से घोषित किए गए उम्मीदवार आशुतोष तिवारी को नरोत्तम मिश्रा को लेकर कहा कि आशुतोष तिवारी अच्छे नेता हैं, इस दौरान नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि दतिया में राजा और फकीर की लड़ाई है और निश्चित मानकर चलिए कि आशुतोष तिवारी चुनाव में जीत हासिल करेंगे।

सीएम मोहन यादव से मिले थे नरोत्तम मिश्रा

इससे पहले शनिवार देर शाम को भोपाल में नरोत्तम मिश्रा ने सीएम मोहन यादव, बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल से सीएम हाउस में मुलाकात की थी। इस दौरान सभी नेताओं के बीच विचार विमर्श व बातचीत हुई थी। इस मुलाकात के बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि पार्टी के वरिष्ठ नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने मुलाकात की है। नरोत्तम मिश्रा हमारी पार्टी के वरिष्ठ व सम्मानित नेता हैं। उनके मार्गदर्शन में हम दतिया उपचुनाव लड़ेंगे और भारी बहुमत से जीतेंगे। इस दौरान हेमंत खंडेलवाल ने दतिया में हुए पदाधिकारियों के इस्तीफे को लेकर कहा था कि मुझे किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा नहीं मिला है। पार्टी संगठन ने तय किया है कि किसी भी कार्यकर्ता का इस्तीफा स्वीकार नहीं किया जाएगा।

3 अगस्त को आएगा रिजल्ट

दतिया उपचुनाव में नामांकन पत्र दाखिल करने की आखिरी तारीख 13 जुलाई 2026 (सोमवार) निर्धारित की गई है। इसके बाद 14 जुलाई 2026 (मंगलवार) को नामांकन पत्रों की जांच (स्क्रूटनी) होगी। वहीं, उम्मीदवार 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं। मतदान 30 जुलाई 2026 (गुरुवार) को होगा, जबकि मतों की गणना 3 अगस्त 2026 (सोमवार) को होगी। पूरी चुनाव प्रक्रिया 4 अगस्त 2026 (मंगलवार) को पूरी कर ली जाएगी।