
Datia News : मध्य प्रदेश की दतिया विधानसभा के लिए होने जा रहे उपचुनाव में आज शाम प्रचार का शोर थम जाएगा। हालांकि, उपचुनाव के रण में जीत हासिल करने के लिए मैदान में उतरे सभी राजनीतिक दल पूरे दम खम के साथ प्रचार प्रसार में जुटे हुए हैं। कुल मिलाकर देखें तो क्षेत्र में चुनावी शोर अपने चरम पर है। विधानसभा सीट पर बड़े प्रतिद्वंदी माने जा रहे भाजपा और कांग्रेस ऐड़ी-चोटी का जोर लगा रहे हैं। दोनों ही दलों के दिग्गज इलाके में डेरा जमाए हुए हैं। वार-पलटवार ऐर एक-दूसरे पर बढ़त हासिल करने की होड़ मची है। इसी बीच मतदान का दिन करीब आने से एन पहले क्षेत्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है।
दरअसल, जिले से कांग्रेस के मजबूत सहयोगी कहे जाने वाले किसान नेता राजू दांगी और होटल कारोबारी दीपक सचदेवा ने अपने करीब 500 समर्थकों के साथ भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। क्षेत्र के इन दोनों रसूखदारों ने एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के समक्ष पार्टी की सदस्यता ली है। सीएम और प्रदेश अध्यक्ष द्वरा दोनों का पार्टी में जोरदार स्वागत किया गया है।
खास बात ये है कि, इस दौरान प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा समेत राज्य सरकार के कई मंत्री और भाजपा संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी मौजूद रहे। राजू दांगी और दीपक सचदेवा के भाजपा में शामिल होने को दतिया की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम माना जा रहा है।
माना जा रहा है कि, इससे जिले के राजनीतिक समीकरणों पर असर पड़ सकता है। दोनों नेताओं के साथ बड़ी संख्या में समर्थकों के भाजपा में आने से पार्टी को संगठनात्मक मजबूती मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
बता दें कि दतिया में कुल 2.20 लाख वोटर हैं। इनमें सबसे बड़ा वोट बैंक कुशवाह समाज का ही है। 40 हजार कुशवाह वोट हैं जोकि निर्णायक बन सकते हैं। इसके अलावा दतिया में 34 हजार ब्राह्मण वोटर्स, करीब 28 हजार अहिरवार मतदाता व 17 हजार यादव वोटर भी हैं। भाजपा की काट और कुशवाह समाज को लुभाने के लिए कांग्रेस ने सिद्धार्थ कुशवाह को चुनाव प्रभारी की सबसे अहम दायित्व दिया है।