
दतिया उपचुनाव में सभी राजनीतिक दलों का प्रचार-प्रसार अंतिम दौर में पहुंच गया है। यहां भाजपा और कांग्रेस की प्रतिष्ठा की लड़ाई में आजाद समाज पार्टी ने भी जोर मारा है। यहां से आजाद समाज पार्टी (ASP) के दामोदर यादव प्रत्याशी हैं, वे भी दोनों पार्टियों को टक्कर दे रहे हैं। इसी पार्टी के अध्यक्ष एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद रावण ने सोमवार को प्रचार किया।
दतिया उपचुनाव में 30 जुलाई को मतदान है, उसे पहले सभी राजनीतिक दल अंतिम दौर के प्रचार में जुट गए हैं। मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव भी सोमवार को दतिया में रोड शो कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में भी प्रचार का दौर जारी है। वहीं सोमवार को आजाद समाज पार्टी ने भी जनसंपर्क किया।
यहां आयोजित एक सभा को संबोधित करते हुए सांसद एवं आजाद पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद रावण ने कहा कि "यह समर्थन लोगों के आशीर्वाद से मिल रहा है। दामोदर यादव ने कड़ी मेहनत की है और आज़ाद समाज पार्टी ने लगातार युवाओं और किसानों की आवाज़ उठाई है। हम अन्याय, सामाजिक असमानता और तानाशाही के ख़िलाफ़ लड़ रहे हैं। कल हुई घटना से मुझे बहुत दुख पहुँचा। सुबह-सुबह एक महिला हमारे पास आई और उसने बताया कि उसका बिजली कनेक्शन काट दिया गया है। उसने कहा कि उनसे कहा जा रहा था कि बिजली तभी बहाल होगी जब वह उन्हें वोट देंगी…"
चंद्रशेखर आजाद ने कहा कि दतिया में डर और भय का माहौल होता था। यहां लगातार भय देखा गया, इस बार यहां भय टूट रहा है। कल रात को एक क्षेत्र की बिजली काटी गई, क्यों काटी गई कि हमारी सत्ता को वोट दोगे तो बिजली जुड़ जाएगी, वोट नहीं दोगे तो बिजली नहीं जुड़ेगी।
दामोदर यादव कहते हैं कि हम बहुत ही मजबूती से चुनाव जीतेंगे। यादव ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है कि भाजपा और सत्तारूढ़ भाजपा कहीं दिखाई नहीं देना चाहिए। लोकतंत्र में जनता की जीत होगी। दामोदर ने कहा कि एक लाख से अधिक वोट हमें मिलेंगे। भय और भ्रष्टाचार मिटाना है। दतिया के बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का काम करना है।
संपत्तिः दामोदर यादव की संपत्ति कुल 5 करोड़ है, जबकि देनदारियां 1 करोड़ रुपए है। दतिया से 12वीं उत्तीर्ण हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी दतिया राजघराने के मुखियां हैं। उनके पिता महाराज कृष्ण सिंह जूदेव भी कांग्रेस के बड़े नेता थे। खुद घनश्याम सिंह क्षेत्र में सक्रिय रहते हैं। वे राजपूत समुदाय से आते है। घनश्याम सिंह कांग्रेस नेता एवं पूर्व मंत्री प्रियव्रत सिंह के मामा हैं।
दतिया जिले के भांडेर तहसील के पिपरौआकलां के रहने वाले आशुतोष लंबे समय से राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) से जुड़े हैं। कॉलेज राजनीति से चर्चित हुए आशुतोष ने डबल एमए किया है। तत्कालीन शिवराज सरकार के समय वे मध्यप्रदेश हाउसिंग बोर्ड के अध्यक्ष भी थे। वे संभागीय संगठन मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। 2023 के चुनाव में सेवढ़ा विधानसभा सीट से बीजेपी का टिकट भी मांगा था। लेकिन, उनकी इच्छा पूरी नहीं हो पाई थी। प्रदीप अग्रवाल को टिकट दिया था। इस बार दतिया उपचुनाव में पार्टी ने उन पर भरोसा जताया है।