
Datia By Election Result 2026 : दतिया उपचुनाव में वोटों की गिनती चल रही है। अभी बीजेपी आगे है पर मुकाबला कांटे का बना हुआ है। तीन राउंड की वोटों की गिनती के बाद बीजेपी और कांग्रेस के प्रत्याशी महज कुछ सौ वोटों के अंतर पर आगे पीछे हो रहे हैं। पहले राउंड में बीजेपी आगे हुई जबकि दूसरे राउंड में कांग्रेस प्रत्याशी को ज्यादा वोट मिले। तीसरे राउंड में भी कांग्रेस की बढ़त बरकरार रही। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को पहले राउंड में उस इलाके से ज्यादा वोट मिले जहां पार्टी हमेशा पीछे रही है।
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के तीसरे राउंड में भी कांग्रेस की बढ़त बरकरार रही। कांग्रेस को 4998, भाजपा को 4262 और एसपी को 1,344 वोट मिले। तीसरे राउंड के बाद मुकाबला और रोचक हो गया है। अब सभी की नजरें अगले राउंड के परिणामों पर टिकी हैं।
दतिया विधानसभा उपचुनाव की मतगणना के तीन राउंड पूरे होने के बाद भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को कुल 12515 वोट प्राप्त हुए हैं। वे कांग्रेस प्रत्याशी पर 229 वोट की बढ़त बनाए हुए हैं। कांग्रेस के खाते में अभी तक 12286 वोट आए हैं। आसपा 4994 वोट के साथ तीसरे स्थान पर है।
मतगणना के पहले राउंड में बीजेपी ने कांग्रेस से 909 वोटों की बढ़त बनाई थी। इस राउंड में दतिया विधानसभा के गोराघाट इलाके के वोटों की गिनती हुई थी। खास बात यह है कि यह परंपरागत रूप से कांग्रेस का क्षेत्र माना जाता है। अभी तक के विधानसभा चुनावों में बीजेपी गोराघाट क्षेत्र से पीछे रहती आई थी।
इससे पहले रविवार रात को सख्त फैसला लेते हुए पूर्व विधायक राजेंद्र भारती को कांग्रेस ने निलंबित कर दिया। दतिया के पार्टी प्रत्याशी घनश्याम सिंह की शिकायत पर हाईकमान ने ये कार्रवाई की। उन्होंने राजेंद्र भारती पर बीजेपी से मिलीभगत कर भितरघात करने के आरोप लगाए थे। निलंबन पर प्रतिक्रिया देते हुए पूर्व विधायक भारती ने कहा कि घनश्याम सिंह को हार का डर सता रहा है इसलिए झूठे आरोप लगा रहे हैं।
दतिया में विधानसभा उपचुनाव के लिए 30 जुलाई को वोटिंग हुई थी। वोटिंग का प्रतिशत 71.44 रहा। दतिया उपचुनाव के लिए कुल 291 मतदान केंद्र बनाए गए थे जहां 157473 मतदाताओं ने वोट डाले। यहां कुल 220410 मतदाता थे। इस प्रकार 2023 के विधानसभा चुनाव की तुलना में दतिया में करीब 9 प्रतिशत वोटिंग कम हुई है।