
दतिया/इंदरगढ़। इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के लक्ष्मणपुरा गांव के पास दो बाइकें आपस में भिड़ गई इनमें से एक की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए जिनमें से तीन गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों को जिला चिकित्सालय इलाज के लिए भेज दिया।वहीं मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं मर्ग कायम कर विवेचना शुरू कर दी है।
महावीर पुरा नगरा निवासी रिटायर्ड रेलवे कर्मचारी काशीराम(६५)पुत्र नंदलाल श्रीवास रतनगढ़ माता मंदिर के दर्शन करने के लिए जा रहा था तभी दतिया की ओर से आ रही रामकिशोर पुत्र जीवन लाल कुशवाहा निवासी चिमघन की बाइक से टक्कर हो गई।
हादसे में काशीराम की मौके पर ही मौत हो गई जबकि काशीराम के साथ बाइक पर बैठे रतीराम निवासी हरपालपुर एवं रामकिशोर के साथ बाइक पर बैठे बलराम पुत्र लक्ष्मण कुशवाहा निवासी इंदरगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बाइक पर बैठी ऊषा पत्नी छोटू कुशवाहा को भी चोटें आई हैं। मृतक के शव को पुलिस ने जिला चिकित्सालय पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया वहीं रतीराम को झांसी रैफर किया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
ट्रेन से कट कर वृद्ध की मौत
दतिया. रेलवे क्रॉसिंग पार करते समय एक वृद्ध ट्रेन की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। घटना रेलवे स्टेशन के पास की है। रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसका पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है।
जीआरपी के मुताबिक गुरूवार की दोपहर बाबू खां(७५)पुत्र जिया खां निवासी गोविंद धर्मशाला जब क्रॉसिंग पार कर रहा था तभी गेट क्रमांक ३८१ पर नवयुग एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।सूचना मिलने पर जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय भेजा। यहां उसका पोस्टमार्टम करा कर परिजनों को सौंप दिया। रेलवे पुलिस ने मर्ग कायम कर मामला विवेचना में लिया है।