
दतिया। मां धूमावती जयंती के विशेष अवसर पर दस महाविद्या का पूजन किया जाता है। 20 जून 2018 को धूमावती जयंती धूमधाम से मनाई जाएगी। धूमावती जयंती समारोह में धूमावती देवी के स्तोत्र पाठ और सामूहिक जप का अनुष्ठान होता है। जिसमें काले वस्त्र में काले तिल बांधकर मां को भेंट करने से साधक की सभी मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं। हर साल की तरह इस साल भी दतिया में सिद्ध पीतांबरा पीठ मंदिर परिसर में मां धूमावती देवी का स्थापना दिवस व पूज्यपाद स्वामी जी की पुण्यतिथि धूमधाम से मनाई जाएगी।
इस दिन मंदसौर उपपीठ से आए युवाचार्य ज्ञानानंद जी इस कार्यक्रम में शामिल होंगे,उन्हें भोजन कराने के बाद परिसर में मधुकरी प्रसाद का वितरण होगा। यह विशेष परंपरा है कि हर साल यहां एक सन्यासी का भोजन कराया जाता है।
हर साल एक सन्यासी को कराते है भोजन
20 जून को मां धूमावती देवी की स्थापना को 40 वर्ष पूरे हो रहे हैं। वहीं पूज्यवाद स्वामी जी के निर्वाण को भी इतना ही वक्त हो गया है। इसी उपलक्ष्य में बुधवार को मंदिर परिसर में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। सुबह आठ बजे से अमृकेश्वर महादेव पर रुद्राभिषेक होगा। इसमें पीठ से जुड़े अधिकतर पुजारी हिस्सा लेंगे। इतना ही नहीं मंदसौर उपपीठ के युवाचार्य ज्ञानानंद जी तीर्थ यहां पहुंचकर कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे और भोजन ग्रहण करेंगे।
स्वामी जी की पुण्यतिथि के अवसर पर सुबह 11 बजे से मणिपुर धाम में आयोजन होगा। इसके बाद भंडारा होगा। खास बात यह है कि यहां के आयोजन में हर साल एक सन्यासी को आमंत्रित कर उन्हें भोजन कराया जाता है। वहीं मां धूमावती की स्थापना दिवस के अवसर पर शाम साढ़े बजे से गोष्ठी का आयोजन किया जाएगा। इसमें स्वामी जी के व्यक्तित्व व कृतित्व पर प्रकाश डाला जाएगा।
धूमावती मां की महिमा
बताया जाता है कि धूमावती देवी का स्वरुप बड़ा मलिन और भयंकर प्रतीत होता है। धूमावती देवी का स्वरूप विधवा का है तथा कौवा इनका वाहन है,वह श्वेत वस्त्र धारण किए हुए व खुले केश रुप में होती हैं। देवी का स्वरूप चाहे जितना उग्र क्यों न हो वह संतान के लिए कल्याणकारी ही होता है।
मां धूमावती के दर्शन से अभीष्ट फल की प्राप्ति होती है। पापियों को दण्डित करने के लिए इनका अवतरण हुआ। नष्ट व संहार करने की सभी क्षमताएं देवी में निहीत हैं, देवी नक्षत्र ज्येष्ठा नक्षत्र है इस कारण इन्हें ज्येष्ठा भी कहा जाता है। यह ऋषि दुर्वासा,भृगु,परशुराम आदि की मूल शक्ति धूमावती हैं। सृष्टि कलह के देवी होने के कारण इनको कलहप्रिय भी कहा जाता है।