
दतिया. दतिया में रविवार को एक हृदय विदारक हादसे में एक महिला व उसके दो बच्चों की दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर भाई के साथ बाइक से अपनी ससुराल जा रही थी लेकिन इससे पहले ही रास्ते में मौत ट्रक बनकर उन तक पहुंच गई। दुर्घटना में मोटर साइकल चालक गंभीर रूप से घायल हुआ है, जिसे उपचार के लिए झांसी रैफर किया गया है।
बच्चों के साथ मायके से ससुराल लौट रही थी महिला
जानकारी के अनुसार महिला अनीता प्रजापति अपने दोनों बच्चों 7 साल के शिवराज व 11 साल की अमिता के साथ रक्षाबंधन का त्यौहार मनाने के लिए धीरपुरा गांव आई हुई थी। त्यौहार मनाने के बाद रविवार को अनीता अपने भाई के साथ बच्चों को लेकर बाइक से ससुराल वापस कैथी छीमक डबरा जा रही थी। तभी गोराघाट पुल के नीचे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। घटना में अनीता व उसके दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि बाइक चला रहा भाई बलवीर प्रजापति गंभीर रुप से घायल हुआ है। घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया। दर्दनाक हादसे की खबर राहगीरों ने पुलिस को दी जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल भेजने के साथ ही मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
पुलिस का अमानवीय चेहरा आया सामने
इस हृदय विदारक हादसे के बाद अस्पताल में पुलिस का अमानवीय चेहरा भी नजर आया। जहां एक पुलिसकर्मी अपनी कागजात कार्रवाई स्ट्रेचर पर घायल पड़े बलवीर प्रजापति के ऊपर ही रखकर करता नजर आया। घायल दर्द से तड़प रहा था और पुलिसकर्मी उसके शरीर के ऊपर कागजात रखकर लिखा पढ़ी कर रहा था।