20 जून 2026,

शनिवार

Patrika Logo
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

चुनाव से पहले दतिया पहुंचे योगी आदित्यनाथ, नरोत्तम मिश्रा के साथ दिखे खास संकेत

Narottam Mishra Latest News-सत्ता की देवी के दर्शन करने पहुंचे योगी आदित्यनाथ, साथ में नजर आए एमपी के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा..।

2 min read
Google source verification

दतिया

image

Manish Geete

Jun 20, 2026

Yogi Adityanath Datia Visit

Yogi Adityanath Datia Visit- यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के दतिया पहुंचने पर हवाई पट्टी पर स्वागत करने पहुंचे नरोत्तम मिश्रा।

Yogi Adityanath Datia Visit- उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ शनिवार को मध्यप्रदेश के दतिया जिले में थे। उन्होंने विश्व प्रसिद्ध एवं सत्ता की देवी मां बगलामुखी के दरबार में विशेष पूजा-अर्चना की। इसी बीच एमपी के पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्र ने योगी आदित्यनाथ का हवाई पट्टी पर स्वागत किया। योगी के इस दौरे पर राजनीतिक जानकारों की भी निगाह लग गई है।

शनिवार को यूपी के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को दतिया में मां पीताम्बरा पीठ में दर्शन किए। शनिवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां पीताम्बरा पीठ और धूमावति देवी के दर्शन करने पहुंचते हैं। योगी आदित्यनाथ विशेष चार्टर्ड विमान से दतिया हवाई पट्टी पहुंचे थे। उनके आने की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर सुरक्षा के बंदोबस्त किए गए। वीवीआईपी मूवमेंट के कारण हवाई पट्टी से लेकर मंदिर परिसर तक लोगों को परेशानी का भी सामना करना पड़ा। इसके साथ ही पीताम्बरा पीठ मंदिर परिसर में भी श्रद्धालुओं को काफी देर तक रोक दिया गया था। इससे श्रद्धालुओं में नाराजगी भी देखी गई।

नरोत्तम मिश्रा ने की अगवानी

योगी आदित्यनाथ जब दतिया हवाई पट्टी पर सुबह 10.15 बजे पहुंचे तो मध्यप्रदेश के पूर्व गृहमंत्री एवं भाजपा नेता नरोत्तम मिश्र ने उनका स्वागत किया। इस मौके पर जिला प्रशासन और पुलिस के बड़े अधिकारी भी मौजूद थे। हवाई पट्टी से सीधे योगी आदित्यनाथ पीताम्बरा पीठ पहुंचे, जहां उन्होंने मां बगलामुखी की विशेष पूजा कर देश और उत्तर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की। योगी आदित्यनाथ करीब 25 मिनट तक अनुष्ठान में भी शामिल हुए। इसके बाद वे झांसी के लिए रवाना हो गए। गौरतलब है कि मध्यप्रदेश के बुंदेलखंड की दतिया विधानसभा में जल्द ही उपचुनाव होने वाले हैं। भाजपा नेता नरोत्तम मिश्रा पिछली बार यहां से चुनाव हार गए थे। इस बार फिर से उन्हें संभावित प्रत्याशी माना जा रहा है। नरोत्तम मिश्रा भी क्षेत्र में इन दिनं सामाजिक संगठनों के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

छह माह बाद यूपी में चुनाव

गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश में फरवरी-मार्च 2027 में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसे लेकर भाजपा ने बुंदेलखंड में भी तैयारी तेज कर दी है। उत्तर प्रदेश से लगे बुंदेलखंड में योगी आदित्यनाथ ने सभा की। इससे पहले योगी ने सत्ता की देवी मानी जाने वाली दतिया माई के दर्शन भी किए। माना जाता है कि देश के कई उच्च पदों तक पहुंचे नेताओं ने भी दतिया में पूजा-अर्चना की है। यही कारण है कि यहां कई बड़ी हस्तियां दर्शन करने आती हैं। दतिया की पीताम्बरा पीठ का मंदिर उस समय से ज्यादा चर्चाओं में आया था जब देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू ने यहां अनुष्ठान कराया था। यह अनुष्ठान भारत-चीन युद्ध के दौरान कराया गया था। तब वो युद्ध थम गया था। इसलिए तभी से ऐसी मान्यता चली आ रही है कि जो भी यहां पूजा और अनुष्ठान करता है, मां पीताम्बरा उसे बड़े पद तक पहुंचाती है।