दतिया

सरपंच के पति को मुंह काला कर गांव में घुमाया, पहनाई जूतों की माला

MP News: अनुसूचित जाति की महिला सरपंच के पति को गांव के ही दबंगों ने मुंह काला कर जूते की माला डालकर गांव में घुमाया।

2 min read
Mar 22, 2026
datia
sarpanch husband assaulted blackened face wear shoe garland

MP News: मध्यप्रदेश के दतिया जिले के भांडेर विकासखंड के एक गांव में महिला सरपंच के पति को गांव के दबंगों ने गले में जूतों की माला पहनाकर और मुंह काला कर गांव में घुमाया। दबंगों ने महिला सरपंच के पति के साथ मारपीट भी की है। घटनाक्रम रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे का है, जिसका वीडियो भी दबंगों ने बनाया है और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया है। पीड़ित सरपंच पति ने पुलिस में आरोपियों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है जिसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिए हैं। बताया गया है कि सरपंच का भतीजा गांव की एक विवाहिता के साथ भाग गया था। इसी बात से लड़की के परिजन नाराज हैं। हालांकि रविवार को युवती वापस लौट आई और पुलिस को दिए बयानों में उसने बताया कि वह अपनी मर्जी से गई थी।

दबंगों ने पहले सरपंच पति को पीटा

दतिया के जिले के भांडेर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उनाव में अनुसूचित जाति की महिला सरपंच रेखा वर्मा के पति लक्ष्मण प्रसाद वर्मा को गांव के ही पांच लोगों ने न सिर्फ मारपीट कर घायल किया बल्कि जूते की माला डालकर मुंह पर काला तेल पोतकर पूरे गांव में घुमाया। घटना के बाद पीड़ित सरपंच पति लक्ष्मण प्रसाद वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में पीड़ित ने बताया कि वह दोपहर के वक्त महेंद्र यादव के मकान के सामने खड़ा था, तभी गांव के ही गोलू यादव, पवन चौबे, मनोज यादव, अभिषेक सिंह यादव और भगत सिंह यादव आए और उसके भतीजे पर अपने परिवार की बेटी को भगा ले जाने का संदेह जताते हुए न सिर्फ गाली-गलौज करने लगे बल्कि मारपीट शुरु कर दी।

जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया

दबंगों ने मारपीट करने के बाद पीड़ित के मुंह पर काला तेल पोत दिया और उसके गले में जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में घुमाया। पुलिस ने पीड़ित लक्ष्मण प्रसाद वर्मा की शिकायत पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं। थाना प्रभारी उनाव यतेन्द्र सिंह भदोरिया ने बताया कि सरपंच पति की फरियाद पर पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उनकी गिरफ्तारी के लिए टीम रवाना की गई हैं जल्दी ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Published on:
22 Mar 2026 09:34 pm