
दतिया। रविवार को शहर में हुई बारिश ने एक बार फिर मौसम में ठंडक घोल दी है। प्री मानसून की बारिश के बाद मौसम ठंडा होने से लोगों को राहत मिली। सुबह से मौसम गर्मी और उमस भरा रहा लेकिन बारिश के बाद मौसम ठंडा हो गया। वहीं सोमवार के दिन का तापमान पिछले तीन सालों में सबसे कम दर्ज किया गया। शहर में 11-12 जून की दरम्यानी रात हुई बारिश के बाद तापमान में लगातार वृद्धि हो रही थी। पारे में लगातार हो रहे इजाफे में सोमवार को थोड़ा विराम लगा। सुबह से तेज धूप के साथ वातावरण में उमस रही।
उमस का असर दोपहर तक रहा। इस दौरान बीच-बीच में बादल छाने तथा तेज हवा चलने की वजह से पारा चार डिग्री नीचे खिसक गया। सोमवार दोपहर करीब तीन बजे से बारिश शुरू हुआ। दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक रुक - रुक कर कभी तेज तो कभी रिमझिम बारिश हुई। रविवार को दतिया शहर में जहां तेज बारिश हुई तो इंदरगढ़ - भांडेर में हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश के बाद मौसम में हल्की ठंडक आने के साथ उमस का असर भी बढ़ा।
रविवार को 4 डिग्री उतरा पारा
दोपहर में आसमान पर बादल छाने और हवा चलने की बजह से शनिवार के मुकाबले रविवार के दिन के तापमान में चार डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। शनिवार को दिन का अधिकतम तापमान 43.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया था जो रविवार को खिसक कर 39.0 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। वहीं बारिश के बाद मौसम में और ठंडा हो गया।
तीन साल में सबसे ठंडा दिन
16 जून 2019 के दिन का तापमान पिछले तीन सालों में सबसे कम दर्जकिया गया। 16 जून 2016 को दिन का तापमान 42.0, 2017 में 39.8 तथा 2018 में दिन का अधिकतम तापमान 41.0 डिग्री सेल्सियस दर्जहुआ था। इस दौरान लोगों ने खासी गर्मी महसूस की। पिछले तीन सालों में 16 जून को पहली बार बारिश दर्ज की।