दतिया

राह चलती महिला से बोले- तुम्हारे एक बेटे की मौत हो जाएगी, और कर दी वारदात

सीसीटीवी कैमरे में कैद बाइक सवार युवक का फोटो।
2 min read
• •
Updated: 15 Jul 2019, 5:32 PM IST
two man looted woman in day light in morena
राह चलती महिला से बोले- तुम्हारे एक बेटे की मौत हो जाएगी, और कर दी वारदात

दतिया. ड्यूटी पर जिला अस्पताल जा रही एक महिला कर्मी से ठगों ने पहले तो डॉक्टर का पता पूछा फिर महिला के तीन बेटे होने की बात कही। इसके बाद पूछा तीन में से अगर तुम्हारा एक बेटा मर जाए तो क्या करोगी। उन्होंने धमकाया कि दस कदम आगे चलो और अपना मंगलसूत्र व झुमकीं हमारे हवाले कर दो, वरना छह महीने मेंं एक बेटे की मौत हो जाएगी। डरी हुई महिला ने शरीर पर पहने हुए जेवर ठगों के हवाले कर दिए।

घटना कोतवाली थाना क्षेत्र के ईदगाह मोहल्ले की है। करीब दो घंटे पहले इसी तरीके से बदमाशों ने पटवा तिराहे पर भी एक महिला को लूटा। बाइक की तस्वीर सीसीटीवी कै मरे में कैद हो गई है। पुलिस ने एक मामले में ठगी की धाराओं के तहत कायमी की है।

पुलिस के मुताबिक चूनगर फाटक निवासी आरती बाल्मीकि जिला अस्पताल जा रही थी। वह दोपहर करीब साढ़े 12 बजे अस्पताल रोड पर रजनी विहार कॉलोनी में पहुंची थी कि बाइक पर सवार होकर दो युवक आए और उन्होंने डॉ.राधे गुप्ता का घर पूछा। आरती ने पता होने से इनकार कर दिया तो दूसरे युवक ने कहा तुम्हारे तीन बेटे हैं। इस पर आरती को आश्चर्य हुआ और बोली हां मेरे तीन बेटे हैं। युवक ने कहा अगर तुमने हमारे कहे अनुसार काम नहीं किया तो छह माह में एक बेटे की मौत हो जाएगी। उन्होंने दस कदम आगे चलकर और फिर दस कदम पीछे चलवाकर जेवरात व नकदी ठग ली और रफूचक्कर हो गए।

पटवा तिराहे पर भी महिला से ठगी
आरती के साथ लूट करने से पहले इसी तरीके से दो बाइक सवारों ने कोतवाली थाना क्षेत्र के पटवा तिराहे पर एक महिला को बातों में उलझाकर उसे भी बेहोश किया और उससे ढाई हजार रुपए ठग ले गए। यह घटना तिराहे पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। मामले की तस्दीक ऐसे हुई कि जब आरती बाल्मीकि अपनी शिकायत लेकर कोतवाली पहुंची तो वहां पहले से ही लुटी हुई पहली महिला बैठी हुई थी। जब आरती को बाइक व युवकों का हुलिया दिखाया गया तो उसने बिना वक्त गंवाए कह दिया कि इन्हीं ने मुझे लूटा है।एक ही दिन में दिनदहाड़े दो वारदातें हो जाने से पुलिस सकते में है।

इतना हीनहीं पुलिस को इस बाइक का नंबर भी मिला है जोकि यूपी-77 आर 4717 है। जो कि कानपुर देहात का बताया जा रहा है। एक ही तरीके से दोनों वारदातें होने सेे पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए टीमों का गठन किया और शहर के विभिन्न इलाकों में दबिश दी पर खबर लिखे जाने तक कोई आरोपी गिरफ्त में नहीं आ सका। हालांकि पटवा तिराहे पर ठगी का शिकार हुई महिला ने रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई । कोतवाली थाना प्रभारी दर्शन शुक्ला ने बताया कि एक ही दिन में एक ही तरीके से ठगी की दो वारदातें हुई हैं। हालांकि एक महिला ने रिपोर्ट करने से इनकार कर दिया पर आरती की रिपोर्ट पर पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर बाइक सवारों को दबोचने दबिश दी पर कोई गिरफ्त में नहीं आ सका।

Published on: