मेहंदीपुर बालाजी स्थित आश्रम में एक ही परिवार के चार सदस्यों के शव मिलने के मामले की पुलिस जांच कर रही है। जानिए अब तक का अपडेट..
दौसा। मंगलवार (14 जनवरी) को मेहंदीपुर बालाजी स्थित एक आश्रम में एक परिवार के चार सदस्यों के शव मिले। परिवार उत्तराखंड का रहने वाला है। 12 जनवरी को सभी मेहंदीपुर बालाजी स्थित एक आश्रम में रुके थे। दो दिन बाद 14 जनवरी को परिवार के चार सदस्य माता-पिता, बेटा और बेटी आश्रम के एक ही कमरे में मृत मिले। आश्रम के कर्मचारी ने बताया कि मंगलवार शाम को जैसे ही वह सफाई करने के लिए कमरे में दाखिल हुआ तो सभी लोग अचेत अवस्था में पड़े मिले।
दो शव बेड पर थे जबकि दो फर्श पर अचेत अवस्था में पड़े थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस एफएसएल टीम के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस को आशंका है कि मृतक ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। हालांकि पुलिस अन्य एंगल से भी जांच कर रही है।
पुलिस अन्य परिजनों के आने का इंतजार कर रही है। शवों को टोडाभीम अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। आज शाम तक मृतक सुरेन्द्र कुमार उपाध्याय के भाई व अन्य सदस्य के टोडाभीम पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए जाएंगे। पोस्टमार्टम व विसरा जांच से ही मौत के वास्तविक कारणों का पता लग सकेगा। इस दौरान पुलिस परिजनों से पूछताछ कर सकती है।
मृतक धार्मिक स्थल मेहंदीपुर बालाजी के सुबह 8 बजे दर्शन करके आश्रम लौट आए थे। आश्रम के स्टाफ ने बताया कि इसके बाद वे लंच के लिए दोपहर बाहर गए, फिर लौट आए। शाम को सभी के शव कमरे में मिले। सभी मृतक साधारण परिवार के थे। मृतक सुरेंद्र कुमार उपाध्याय (60) ऑर्डिनेंस फैक्ट्री में चालक थे। उनका बेटा नितिन (32) भी ऑर्डिनेंस फैक्ट्री का कर्मचारी था। सभी 11 जनवरी को ट्रेन से दौसा पहुंचे थे।