दौसा

राजस्थान में ऑनलाइन ट्रेडिंग के बहाने 41.85 लाख ठगे, जांच में जुटी पुलिस को हरियाणा की जेल में मिला आरोपी

Rajasthan Cyber ​​Crime: साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 500 प्रतिशत लाभ कमाने का झांसा देकर 41 लाख 85 हजार रुपए की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 25 Jan 2025, 3:32 PM IST
Feature image

दौसा। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 500 प्रतिशत लाभ कमाने का झांसा देकर 41 लाख 85 हजार रुपए की ठगी के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बताया कि पीड़ित बुधराम प्रजापत निवासी शहदपुर महुवा ने 8 जुलाई 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि इंस्टाग्राम के माध्यम से एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इसमें ऑनलाइन शेयर मार्केट में रुपए लगाने पर अधिक लाभ कमाने का झांसा दिया गया। एक लिंक भेजकर मनी सुख एप डाउनलोड करवाकर रुपए इन्वेस्ट कराए।

ठगों ने अलग-अलग बार रुपए डलवाकर कुल 41 लाख 85 हजार रुपए की ऑनलाइन ठगी कर ली। इस संबंध में पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। साथ ही तत्काल आठ लाख रुपए होल्ड करवाकर रिफण्ड भी करा दिए थे।

फरीदाबाद की जेल में मिला आरोपी

जांच में सामने आया कि आरोपी 2.30 करोड़ की ठगी के आरोपी में हरियाणा की फरीदाबाद जेल में बंद है। इस पर उत्तर प्रदेश के कानपुर रेल बाजार थाना क्षेत्र निवासी विनोद कुमार विश्वकर्मा को प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया गया।

आरोपी के खाते में 8 करोड़ का लेन-देन मिला

आरोपी के बैंक खाते में करीब 8 करोड़ रुपए का लेन-देन पाया गया है। आरोपी एनजीओ के नाम से बैंक खाता खुलवाकर उसमें ठगी की राशि कमीशन पर प्राप्त करता था। प्रकरण में पुलिस को अन्य आरोपियों की तलाश है। पुलिस टीम में एएसआई राजेन्द्र प्रसाद, कांस्टेबल भागसिंह, जगमालसिंह, मुरारीलाल व आशीष कुमार शामिल हैं।

Updated on:
25 Jan 2025, 3:32 PM IST
Published on: