एसडीएम ने किया मनरेगा कार्यो का औचक निरीक्षण
लालसोट. उपखण्ड अधिकारी गोपाल जांगिड ने उपखण्ड के भगवतपुरा व देवली मोबतपुरा गांवों में जारी मनरेगा कार्यो का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान भगवतपुरा में तलाई खुदाई कार्य में 55 में से 13 मजदूर और देवली मोबतपुरा गांव तलाई खुदाई में 68 में से 36 श्रमिक अनुपस्थित मिले। इसके अलावा देवली गांव की बालेरा ढाणी में कार्य स्थान का चयन सही नहीं मिला।
एसडीएम ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अनियमितता एवं फर्जी उपस्थिति पाए जाने पर देवली ग्राम पंचायत के मेट मोहनलाल मीना,लाडपुरा ग्राम पंचायत के मेट दयाराम मीना व मुकेश मीना को ब्लैक लिस्टेड कर दिया है और संबधित ग्राम पंचायतों को निर्देश दिए है कि उक्त मेट को महात्मा गांधी नरेगा कार्य स्थलों पर बतोर मेट भविष्य में नियोजित नहीं किए जाए। इस दौरान मनरेगा सहायक कार्यक्रम अधिकारी प्रदीप तिवाड़ी व अन्य कार्मिक भी मौजूद रहे।
निर्धन लोगों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा-किरोड़ी
लालसोट. उपखण्ड के निर्झरना गांव की जगरवाल ढाणी से गुजरने वाले दिल्ली- मुुंबई एक्सप्रेसवे के लिए अवाप्त की भूमि के मुआवजे को लेकर जारी विवाद को लेकर गुरुवार को महिला पुरुषों का एक दल राज्यसभा सांसद डॉ. किरोड़ीलाल मीना से मिला। निर्झरना गांव के पास से राज्यसभा सांसद डॉ. मीना के गुजरने की सूचना मिलने पर जगरवाल ढाणी के महिला-पुरुष भी जा पहुंचे।
इस दौरान सांसद को ग्रामीणों ने बताया कि उनके परिवार यहां सैकड़ों वर्षा से रह रहे है। उनकी जमीनों को दिल्ली- मुुंबई एक्सप्रेसवे के लिए अवाप्त किया गया है, लेकिन जमीन पर वर्षों से कब्जा करने के बाद भी उन्हे मुआवजा से वंचित किया जा रहा है। इस दौरान राज्यसभा सांसद ने कहा कि वे इस बारे में लगातार अधिकारियों के संपर्क कर रहे है। निर्धन तबके के लोगों के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा।
सलेमपुरा व किशोरपुरा विद्यालय क्रमोन्नत
लालसोट . राज्य सरकार ने शुक्रवार को एक आदेश जारी कर सलेमपुरा व किशोरपुरा गांवों के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया है।
इस बारे में शिक्षा विभाग के शासन उप सचिव भारतेन्द्र जैन ने प्रदेश के 64 माध्यमिक विद्यालयों को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत करने एक सूची जारी की है, जिसमें सलेमपुरा व किशोरपुरा गांवों के राजकीय माध्यमिक विद्यालयों को राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय में क्रमोन्नत किया है।