दौसा

सैल्समैन को बंधक बना पांच लाख की शराब लूट ले गए बदमाश

निहालपुरा गांव के समीप स्थित है शराब की दूकान...
2 min read
Jan 16, 2019
theft

दौसा/बिवाई।

जिले के बिवाई थानान्तर्गत निहालपुरा के समीप स्थित शराब की दूकान पर सो रहे सैल्समैन को मंगलवार रात अज्ञात बदमाश बंधक बनाकर एवं शटर के ताले तोडकऱ करीब 5 लाख की शराब एवं दस हजार रुपए की नगदी लूट ले गए। घटना का पता बुधवार सुबह लोगों को दूकान की शटर क्षतिग्रस्त दिखाई देने पर लगा। सूचना पर बिवाई पुलिस एवं बांदीकुई थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।

जानकारी के अनुसार अनुज्ञाधारी निहालसिंह गुर्ज की शराब की दूकान पर सैल्समैन भगवानसहाय बैरवा निवासी निम्बोला राजगढ़ कार्यरत है। वह शराब की दूकान को बढ़ाकर शाम को दूसरी मंजिल पर जाकर सो गया। रात करीब 1 बजे एक कार एवं लोडिग़ वाहन में बदमाश सवार होकर आए। जिन्होंने छत से ऊपर चढकऱ उसे जगाया। जैसे ही सैल्समैन ने दरवाजे की खिडक़ी खोली। बदमाशों ने धक्का देकर उसे गिरा दिया और सैल्समैन के तौलियें को फाडकऱ उससे हाथ-पैर बांध दिए और मुंह में तौलिया ठूंस दिया। जहां तीन बदमाश उसे पकडकऱ कमरे में ही बैठे रहे। जबकि कुछ बदमाशों ने शटर व ताला तोडकऱ अंदर प्रवेश किया। दूकान में रखी 120 पेटी देशी शराब, 29 पेटी बीयर एवं 41 पेटी अग्रेंजी शराब लोडिंग वाहन में रखकर फरार हो गए। इस शराब की बाजार कीमत करीब पांच लाख रुपए है।

बताया जा रहा है कि जिस प्रकार घटना को अंजाम दिया है। उससे प्रतीत होता है कि आरोपितों की संख्या पांच-छह से अधिक थी। आरोपितों ने शराब खरीदने की बात कहकर दरवाजा खुलाया था। शराब लूट जैसी घटनाओं को अंजाम देने का कोई गिरोह सक्रिय है। लूट की इस घटना से लोगों में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से मामले की जांच करने एवं शीघ्र आरोपितों का गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किए जाने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है जांच पूरी होने पर ही घटना की हकीकत का पता चल सकेगा।

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भी गुढ़लिया, धौली गुमटी, गूलर, गुढ़ाकटला, बडियाल कलां सहित क्षेत्र में कई शराब की दूकानों में भी चोरी हो चुकी है, लेकिन थाना पुलिस की ओर से अभी तक शराब चोरी की एक भी घटना का खुलासा नहीं होना पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर रही है।

Updated on:
16 Jan 2019 04:52 pm
Published on:
16 Jan 2019 04:52 pm