दौसा

दौसा में 535 बूथों पर है भय का साया, 897 बूथ हैं संवेदनशील

https://www.patrika.com/rajasthan-news/
2 min read
• •
Updated: 17 Nov 2018, 8:55 AM IST
dausa police
दौसा में 535 बूथों पर है भय का साया, 897 बूथ हैं संवेदनशील

दौसा. विधानसभा चुनाव के 7 दिसम्बर को होने वाले मतदान के लिए जिला निर्वाचन शाखा ने अति संवेदनशील, संवेदनशील, कम संवेदनशील व भयग्रस्त बूथों की छंटनी कर ली है। हालांकि प्रत्याशियों के नामांकन के बाद एक बार फिर से बूथों का आंकलन किया जाएगा।


जिला निर्वाचन शाखा से मिली जानकारी के अनुसार जिले में 897 संवेदन व अतिसंवेदनशील व 535 भयग्रस्त बूथ चिह्नित किए हैं। इनकी सूची पुलिस अधीक्षक कार्यालय को भेज दी है। इधर पुलिस संवेदनशील, अति संवेदनशील व भयग्रस्त बूथों पर फ्लैगमार्च कर भयमुक्त होकर मतदान करने का संदेश दे रही है। मतदाता भी चुनाव हेल्पलाइन 01427-224903 पर सूचना दे सकते हैं। इस पर तुरंत पुलिस-फोर्स पहुंच जाएगी।


यहां 75 से 90 प्रतिशत हुआ था मतदान


जिले में 1237 मतदान केन्द्रों में से 47 बूथ ऐसे थे, जिनमें वर्ष 2013 के विधानसभा चुनाव में 75 से 90 प्रतिशत मतदान हुआ था। इनमें से दौसा में 4, लालसोट में 1, सिकराय में 5, महुवा में 18 व बांदीकुई में 19 मतदान केन्द्रों पर 75 से 90 प्रतिशत मतदान हुआ था।


यहां इतने हैं संवेदनशील व भयग्रस्त मतदान केन्द्र


दौसा विधानसभा
दौसा विधानसभा क्षेत्र में 238 मतदान केन्द्र हैं। इनमें से निर्वाचन विभाग ने 89 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील, 77 को संवेदनशील, 26 को कम संवेदनशील व एक को आंशिक संवेदनशील माना है। इसी विधानसभा में 137 मतदान केन्द्रों को भयग्रस्त माना है।


बांदीकुई विधानसभा
बांदीकुई विधानसभा क्षेत्र में 237 मतदान केन्द्र है। इनमें से निर्वाचन विभाग ने 63 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील, 73 को संवेदनशील, 34 को कम व 6को आंशिक संवेदनशील माना है। 73 मतदान केन्द्रों को भयग्रस्त माना है।


महुवा विधानसभा
महुवा विधानसभा क्षेत्र में 232 मतदान केन्द्र है। इनमें से निर्वाचन विभाग ने 93 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील, 36 को संवेदनशील, 21 को कम व 7 को आंशिक संवेदनशील माना है। 128 मतदान केन्द्रों को भयग्रस्त माना है।

सिकराय विधानसभा
सिकराय में 269 मतदान केन्द्र है। इनमें से निर्वाचन विभाग ने 66 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील, 67 संवेदनशील, 37 कम व 40 को आंशिक संवेदनशील माना है। 147 मतदान केन्द्रों को भयग्रस्त माना है।


लालसोट विधानसभा
लालसोट विधानसभा क्षेत्र में 261 मतदान केन्द्र है। इनमें से निर्वाचन विभाग ने 63 मतदान केन्द्रों को अति संवेदनशील, 59 संवेदनशील, 23 कम व 16को आंशिक संवेदनशील माना है। 54 मतदान केन्द्रों को भयग्रस्त माना है।

विधानसभा कुल संवेदनशील भयग्रस्त
दौसा 238 193 137
बांदीकुई 237 176 73
महुवा 232 157 128
सिकराय 269 210 143
लालसोट 261 161 54
जिला 1237 897 535


जिले में अति संवेदनशील, संवेदनशील व भयग्रस्त बूथों के इलाकों में अभी से फ्लैगमार्च कराया जा रहा है। हालांकि प्रत्याशी चयन के बाद ही सही तरीके से तय हो पाएगा कि संवेदनशील व भयग्रस्त मतदान केन्द्र कितने हैं। इन इलाकों के लोगों को चुनावी हैल्पलाइन पर सूचना देते ही अतिरिक्त जाप्ता पहुंच जाएगा। पुलिस व फोर्स की इन मतदान केन्द्रों पर विशेष नजर रहेगी।
चूनाराम जाट,
पुलिस अधीक्षक दौसा

Published on: