दौसा

ससुराल में पेड़ पर लटका मिला एक जने का शव

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप: खुलासे की मांग को लेकर किया हंगामा

2 min read
Dec 22, 2020
लालसोट. परिजनों व ग्रामीणों को समझाते एसडीएम गोपाल जांगिड़।

दौसा. लालसोट उपखण्ड के डिडवाना गांव की धाकडय़ा ढाणी में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब लालसोट- तूंगा रोड के पास खेत में बबूल के पेड़ पर एक जने का शव फंदे पर झूलता मिला। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। पेड़ से शव को उतारने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने इसे हत्या का मामला बताते हुए मामले की खुलासे की मांग को लेकर हंगामा भी किया और शव को लालसोट- तूंगा रोड पर भी लाने का प्रयास किया।
इस दौरान गुस्साए ग्रामीणों ने करीब आधा घंटे तक लालसोट- तूंगा रोड पर यातायात भी अवरुद्ध कर दिया। मामले को ले कर पजिरनों ने अज्ञात जनों के खिलाफ हत्या का मामला भी लालसोट थाने में दर्ज कराया है।
थाना प्रभारी राजवीर सिंह राठौड़ ने बताया कि रामगढ पचवारा थाना क्षेत्र के हरिपुरा गांव का निवासी राजेन्द्र प्रसाद सैनी (40) पुत्र हरसहाय सैनी का उपखण्ड के डिडवाना गांव की धाकडय़ा ढाणी में ससुराल है। जहां वह सोमवार रात्रि को रुका था। मंगलवार सुबह ससुराल में घर के पास एक खेत में उसका शव बबूल के पेड़ पर झूलता मिला तो इस बारे में ग्रामीणो ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना का जायजा लिया।
मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ भी जुटना शुरू हो गई और कुछ देर बाद मौके पर भाजपा नेता रामबिलाश मीना, राहुवास भाजपा मंडल अध्यक्ष पोकरमल सैनी, पार्षद जेपी सैनी, ब्रजमोहन सैनी एवं शंभूलाल कुई वाला समेत कई जने भी पहुंच गए। सुबह करीब दस बजे जिला मुख्यालय से एमओवी व एफएसएल टीम भी पहुंची और घटना स्थल से साक्ष्य जुटाए। इस दौरान मंडावरी थाना प्रभारी भरतलाल मीना व रामगढ पचवारा थाना प्रभारी सुभाष शर्मा की अगुवाई में अतिरिक्त पुलिस जाप्ता भी जा पहुंचा।

शव को रोड पर लाने का प्रयास
शव को फंदे से उतारने के बाद परिजनों व ग्रामीणों ने उसे अपने कब्जे में लेते हुए इसे हत्या का मामला बताते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। उनका कहना था कि मामले का खुलासा होने के बाद ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सुपुर्द किया जाएगा। इस दौरान काफी देर तक पुलिस ने समझाइश का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण अपनी मांग पर अड़े रहे। इस दौरान परिजनों ने शव को लालसोट- तूंगा रोड़ पर भी लाने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस कर्मियों के प्रयासों के चलते ऐसा नहीं हो सका।

रोड पर बैठे ग्रामीण, यातायात हुआ जाम
कुछ देर बाद मौके पर लालसोट एसडीएम गोपाल जांगिड़ व तहसीलदार गणराज बडग़ोती भी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को पोस्टमार्टम के लिए समझाइश का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण मामले को तत्काल खुलासा करने व मौके पर एसपी को बुलाने की मांग पर अड़े रहे। कुछ देर बाद ग्रामीण लालसोट- तूंगा रोड पर जा बैठे। इसके चलते करीब आघा घंटे तक यातायात भी बाधित रहा।


पांच घंटे बाद पोस्टर्माटम के लिए राजी हुए ग्रामीण
ग्रामीण व परिजनों के रोड पर बैठने के बाद अधिकारियों ने दोबारा समझाइश के प्रयास शुरू किए। इसी दौरान जिले के एएसपी अनिल सिंह चौहान ने भी भाजपा नेता रामबिलाश मीना से दूरभाष पर वार्ता कर मामले का शीघ्र ही खुलासे का भरोसा दिया। मौके पर मौजूद एसडीएम ने भी मामले को हत्या की धाराओं में दर्ज करने व शीघ्र खुलासा करने का भरोसा दिया। इसके बाद दोपहर करीब एक बजे ग्रामीण रोड से हट गए और शव का पोस्टमार्टम के लिए राजी हो गए।

Published on:
22 Dec 2020 09:31 pm
Also Read
View All