अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार
दौसा. नौकरी लगाने का झांसा देकर ठगी करने वाले गिरोह के एक और आरोपी को मंडावरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने एक माह पुराने प्रकरण में उत्तर प्रदेश राज्य से ठगी करने वाले तीन आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है।
मंडावरी थाना प्रभारी रामपाल मीणा ने बताया कि रामसिंह पुत्र बलराम सिंह कंडेरा निवासी मालवीय नगर कस्बा माधोगढ़ जिला जालौन उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार कर ठगी की राशि भी बरामद की है। जबकि इस मामले में 21 अगस्त को ही आरोपी संजयकुमार, दीपक कुमार निवासी जगम्मनपुर थाना रामपुरा जिला जालौन उत्तर प्रदेश को गिरफ्तार किया जा चुका है।
उन्होंने बताया कि खेड़लाखुर्द निवासी कुमारी प्रभा पुत्री मनोहरलाल शर्मा ने 26 जुलाई 20 को मामला दर्ज कराया था। इसमें उसने बताया कि ऑनलाइन आईडी पर मैसेज आया कि एयर इंडिया में नौकरी दी जाएगी तथा 28 हजार रुपए की तनख्वाह होगी।
सर्वप्रथम ठगों ने रजिस्ट्रेशन के नाम पर 25 सौ रुपए की राशि मांगी। जो उनके खाते में जमा करा दी। इसके पश्चात 21 जून 20 को 8850 रुपए ,1 जुलाई को 65 हजार, 6 जुलाई को 77हजार, 10 जुलाई को 42हजार, 12 जुलाई को 3 लाख 70हजाररुपए तथा 21 जुलाई को तीन लाख 61 हजार 499 रुपये की राशि अलग-अलग नाम के खातों से मांगी।
जिसे जमा करा दी। इस तरह झांसा देकर दस लाख 32 हजार 551 रुपए ऐंठ लिए। इसके बाद भी तीन लाख की डिमांड की गई । शक होने पर थाने में मामला दर्ज कराया। इस पर पुलिस के उच्चाधिकारियों ने टीम का गठन किया। गठित टीम ने साइबर सेल के प्रयासों से आरोपियों को गिरफ्तार कर ठगी की राशि भी बरामद की।
गिरफ्तार करने वाली टीम में मंडावरी थाना प्रभारी रामपाल मीणा, पुलिसकर्मी भीखाराम, हेमंत एवं विनोदकुमार थे।