दौसा

खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन
2 min read
Jul 09, 2018
Anger is not found on food stuff
खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर फूटा गुस्सा

कुण्डल .
ग्राम पंचायत सिण्डोली के तलावडा गांव के समीप स्थित बैरवा ढाणी में बीपीएल और एपीएल परिवारों को खाद्य सामग्री नहीं मिलने पर लोगों का गुस्सा फूट पडा। ग्रामीणों ने सोमवार को हाथों में राशन कार्ड लेकर पंचायत प्रशासन के खिलाफ नारे लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जानकारी के अनुसार सिण्डोली पंचायत प्रशासन ने घरों में शौचालय नहीं बनाने वाले लोगों के खिलाफ कारवाई करते हुए सूची बनाकर उनको मिलने वाली सरकार की सुविधाओं से वंचित करने के लिए उच्चाधिकारीयों को लिख दिया। इसके बाद उन उपभोक्ताओं का नाम खाद्य सूची से पृथक कर दिया। इसके चलते उन्हें अब सरकारी सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा है। विजय सिंह बैरवा सहित अन्य उपभोक्ताओं ने बताया कि अब उन्होने अपने घरों में शौचालयों का निर्माण करके सरकार द्वारा दी जाने वाली 12 हजार रुपए की राशि भी प्राप्त कर ली, लेकिन ग्राम पंचायत और उच्चाधिकारियों के दफ्तरों के कई चक्कर लगाने के बाद भी उनका नाम नहीं जोड़ा जा रहा है। इस कारण बीपीएल परिवार सहित अन्य परिवारों के समक्ष दो जून की रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

सचिव गणेशनारायण विजय ने बताया कि पहले बार-बार कहने पर भी शौचालय नहीं बनाने पर ऐसे लोगों की सूची उच्चाधिकारियों को बनाकर भेज दी थी। इस पर कारवाई करते हुए उनका राशनबंद कर दिया था। शौचालय निर्माण के बाद उनका नाम जोडऩे के लिए सूची बनाकर भेज दी है। जल्दी ही पात्र लोगों को खाद्य सामग्री मिलना शुरू हो जाएगी। इधर सिण्डोली सरपंच भौंरीलाल मीना का कहना है कि जल्दी ही नाम जुडऩे पर उन्हें पुन: राशन सामग्री मिलना शुरू हो जाएगी।

मदरसा में बांटे बच्चों को स्कूल बैग
लालसोट. शहर में राज. मदरसा बोर्ड जयपुर की ओर से संचालित मदरसा तालिमुल कुरआन प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को अन्नपूर्णा दूध व स्कूल बैग वितरण समारोह हुआ। मुख्य अतिथि पालिकाध्यक्ष जगदीश सैनी, विशिष्ट अतिथि भाजपा नगर अध्यक्ष रवि हाड़ा व भाजपा जिला अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ उपाध्यक्ष शेरा खान थे। बालक-बालिकाओं को अन्नपूर्णा दूध योजना के तहत दूध पिलाया गया तथा स्कूल बैग भी वितरित किए गए। अतिथियों ने विद्यालय में बालकों के नामांकन वृद्धि पर जोर दिया। समारोह में मुनीर खां, जमील खां, शाबिर खान, रसीद, शरीफ खान तथा मदरसा शिक्षा सहयोगी दीपक शर्मा, शम्भी सोलंकी, इरफान एवं अबरार खान उपस्थित थे। (नि.सं.)

Published on:
09 Jul 2018 08:41 pm