दौसा

प्रसूता की मौत से आक्रोश, सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन

चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज

2 min read
Dec 10, 2020
दौसा. तबीयत बिगडऩे पर एक किशोरी को ले जाते अन्य परिजन।

दौसा . रामगढ़ पचवारा थाना क्षेत्र के गांव निचूनियां निवासी एक प्रसूता की मौत होने के बाद दौसा के एक निजी अस्पताल के सामने दौसा-लालसोट मार्ग पर हंगामा खड़ा हो गया। प्रसूता की जयपुर में मौत होने के बाद परिजनों ने शव को निजी अस्पताल के बाहर लाकर रख दिया। कुछ देर बार एनएच 11 ए दौसा-लालसोट मार्ग पर शव रखकर प्रदर्शन किया। करीब डेढ़ घंटे पुलिस की समझाइश के बाद परिजन शव का पोस्टमार्टम कराने को राजी हुए। इस मामले में परिजनों ने जिला अस्पताल दौसा के एक चिकित्सक के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।
कोतवाली थाना प्रभारी सुगन सिंह ने बताया कि मृतका सविता मीना (25) पत्नी नाथूलाल मीना निवासी निचूनियां के जेठ लक्ष्मीनारायण ने मामला दर्ज कराया कि प्रसव के लिए 3 दिसम्बर को डॉ. राजेश गुर्जर के पास सरकारी अस्पताल में लेकर गए। सरकारी अस्पताल में सुविधा नहीं होने की बात कहकर गुर्जर ने जिला अस्पताल के सामने स्थित उनके निजी अस्पताल में भेज दिया। 5 दिसम्बर को प्रसव के दौरान लापरवाही बरतने पर बच्चेदानी फट गई। इस पर निजी अस्पताल से सरकारी अस्पताल में लाकर 10 मिनट में ही निजी नर्स के साथ जयपुर रैफर कर दिया। ना तो प्रसूता के ऑक्सीजन लगाई और ना ही खून चढ़ाया। जयपुर सांगानेरी गेट अस्पताल में पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने कहा कि सविता के शरीर में रक्त नहीं है। जयपुर में काफी इलाज के बाद भी महिला नहीं बच सकी।
परिजनों ने पुलिस रिपोर्ट में आरोप लगाया कि डॉ. गुर्जर की लापरवाही से महिला की जान चली गई। जिला अस्पताल के सामने ही निजी अस्पताल खोल रखा है। कोतवाली थाना प्रभारी ने बताया कि मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इधर, डॉ. राजेश गुर्जर का कहना है कि निजी अस्पताल उनका नहीं है, सिर्फ जगह किराए पर दे रखी है। महिला के उपचार में कोई लापरवाही नहीं बरती। जिला अस्पताल में ही भर्ती किया था। परिजन स्वयं के स्तर पर ही निजी अस्पताल में लेकर गए थे।
परिजनों का रो-रोकर हुआ बुरा हाल : सड़क पर शव को रखकर बैठे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। महिला के जेठ सहित एक-दो परिजनों की तबीयत बिगड़ गई। इस पर समीप के चिकित्सकों से उपचार कराया गया। मौके पर मौजूद लोग परिजनों को ढांढस बंधाते रहे।
लगाए आरोप
पुलिस वृत्ताधिकारी हवासिंह, पीएमओ डॉ. सीएल मीना, कोतवाली थाना प्रभारी सुगन सिंह ने परिजनों से समझाइश की तो उन्होंने चिकित्सक पर कई आरोप लगाकर आक्रोश जाहिर किया।

Published on:
10 Dec 2020 01:18 pm
Also Read
View All