
दौसा. स्थानीय आदिनाथ दिगम्बर जैन मंदिर में त्रिशला महिला मंडल के तत्वावधान में मंगलवार रात आचार्य विद्यासागर के स्वर्ण संयम दीक्षा जयन्ती के उपलक्ष्य में रिद्धि मंत्रों द्वारा गाजे-बाजे के साथ भक्तामर पाठ का आयोजन किया गया। महिला मंडल की सांस्कृतिक प्रभारी विधि सेठी जैन ने दीप जलाकर श्रद्धालुओं ने पाठ किए। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कान्ता देवी चांदराना, रुपा चांदवाड़, सुमन जैन, कविता जैन, अनिता छाबड़ा, मणि मोरा, रेखा जैन, अन्जू, नेहा, मनीषा, रंजना, लतिका सहित कई महिला सदस्य व जैन समाज के अध्यक्ष कैलाश जैन, सुधीर जैन, ताराचन्द जैन, ललित जैन, प्रवीन जैन आदि थे।
संत निरंकारी मण्डल की ओर से हुआ सत्संग
बांदीकुई. संत निरंकारी मण्डल की ओर से कुटी स्थित सत्संग भवन में सत्संग हुआ। इसमें बीकानेर से आए संत मदनमोहन सक्सैना ने बताया कि युगो-युगों से निराकार की शक्ति सागर शरीर में प्रकट होकर संसार को दिशा प्रदान करती है। इंसान इस सत्ता से सत्य को भूल जाता है, लेकिन विवेक से सदगुरू की पहचान करने वाले मनुष्य का कल्याण होता है। उन्होंने कहा कि सदगुरू की पहचान ब्रह्मज्ञान से होती है। जबकि गुरू शिक्षा की पहचान ब्रह्मजन आधारित जीवन से
होती है। सत्संग मेें जयपुर से आए संत नेतराम व कन्हैयालाल बीकानेर ने भी विचार व्यक्त किए। सत्संग का संचालन संत ईश्वरदयाल ने किया। इसके बाद प्रसादी वितरण कार्यक्रम आयोजित हुआ। (नि.सं.)
कृष्ण जन्मोत्सव मनाया
कुण्डल. ग्राम पंचायत कालीपहाड़ी के वैष्णो धाम कालीपहाड़ी पर हो रही श्रीमद्भागवत कथा के दौरान कृष्ण जन्मोत्सव मनाया गया। भजनों पर श्रद्धालु झूम उठे। पहाड़ स्थित धाम पर कथा सुनने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। कथा में विधायक शंकरलाल शर्मा ने भी शिरकत की। कथावाचक नरेन्द्र कृष्ण ठाकुर ने कहा कि कहा कि पापियों का संहार करने के लिए भगवान अवतार लेते हैं। संत देवदास ने बताया कि जन्मोत्सव की सजीव झांकी सजाई गई।
इग्नू कोर्स के रजिस्ट्रेशन 31 तक
महुवा. यहां भीमराव अम्बेडकर राजकीय महाविद्यालय में इग्नू अध्ययन केन्द्र के माध्यम से दसवीं व बारहवीं फेल विद्यार्थी अब बीए कर सकेंगे।
प्राचार्य बाबूलाल बैरवा ने बताया कि इग्नू के माध्यम से विद्यार्थी साढ़े तीन साल में बीए कर सकते हैं। बीए, एमए, स्किल डवलपमेंट के अंतर्गत डिप्लोमा व पीजी सर्टिफिकेट कोर्स आदि किए जा सकते हैं। उन्होंने बताया कि इग्नू के विभिन्न कोर्र्से के रजिस्ट्रेशन की अंतिम तिथि 31 जुलाई है।