dausa राष्ट्रीय राजमार्ग-21 की घटना
मानपुर (दौसा) . राष्ट्रीय राजमार्ग-21 पर अज्ञात वाहन की टक्कर से एक बाइक सवार की मौत हो गई। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार चतरसिंह गुर्जर (28) निवासी इटखेड़ा बयाना मोटरसाइकिल पर भीलवाड़ा से अपने गांव आ रहा था। राष्ट्रीय राजमार्ग पर सोमवार देर रात संवास के पास अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को सिकराय अस्पताल में भर्ती कराया। जहां पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इस संबंध में मृतक के चचेरे भाई हरेंद्र ने मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है। मृतक भीलवाड़ा विद्युत निगम में कर्मचारी था।
ऊकाली घाटी में बस पलटी, तीन सवारी घायल
शराब के नशे में बस चला रहा था चालक
सिकंदरा (दौसा) . दौसा-लालसर मार्ग पर लांका गांव के समीप ऊकाली घाटी में सवारियों से भरी बस पलट गई। हादसे में तीन सवारियों को चोट लगी हैं। लांका चौकी के पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बस को सड़क मार्ग से हटवाया।
पुलिस ने बताया कि जयपुर से अमावरा जा रही सवारियों से भरी निजी बस ऊकाली घाटी के घुमाव में अनियंत्रित होने से पलट गई। पुलिसकर्मियों ने बताया कि चालक अडीसाल लांका बावड़ी तिराहे पर बस को रोका था। इसके बाद सीताराम नामक युवक शराब के नशे में बस को चला कर ले गया। जहां आगे जाकर उकाली घाटी के मोड़ पर बस पलट गई। बस के पलटने से सवारियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने गांवडी निवासी मोहनी देवी, भोपर निवासी उंगती देवी व उनके बेटे दिलखुश को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया।
सड़क हादसे में एक घायल
नांगल राजावतान (दौसा) . थाना क्षेत्र के ग्राम मानपुरा के समीप नेशनल हाइवे 11 ए पर सड़क हादसे में एक जना घायल हो गया। घायल का उपचार नांगल राजावतान अस्पताल में कराया गया। पुलिस ने बताया कि जीप-मोटरसाइकिल में हुए टक्कर में रामकिशोर पुत्र हरसहाय सैनी निवासी बड़ागांव घायल हो गया।