दौसा

सफाई अव्यवस्था को लेकर फूटा भाजपा पार्षदों का गुस्सा

नगर पालिका कार्यालय के गेट पर जड़ा ताला, किया प्रदर्शन

3 min read
Jul 30, 2021
लालसोट के नगर पालिका कार्यालय के गेट पर ताला जडऩे के बाद अधिकारियों के समक्ष रोष प्रकट करते भाजपा पार्षद।

लालसोट. शहर में पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते बेपटरी हुई सफाई व्यवस्था से नाराज पालिका बोर्ड के भाजपा पार्षदों का गुस्सा फूट पड़ा। पार्षदों ने पालिका कार्यालय के गेट पर ताला लगा प्रदर्शन किया। गुरुवार दोपहर भाजपा पार्षद व प्रतिनिधि नगर पालिका कार्यालय पर जा पहुंचे और शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर रोष प्रकट करने लगे। कुछ देर इन पार्षदों ने पालिका के गेट पर ताला जड़ पालिका प्रशासन के खिलाफ नारे लगाना शुरू कर दिया। इस दौरान पार्षद चिराग जोशी, एलएन भारद्वाज, जयप्रकाश सैनी, संजय कोराका, पूर्व पालिका उपाध्यक्ष पुरुषोत्तम जोशी, मीना बैनाड़ा, धनेशदेवी जैन, प्रकाश मीना, कन्हैयालाल सैनी, राकेश चंडालिया, सुरेश सैनी, छोटूलाल सैनी का कहना था कि शहर में पालिका द्वारा रखे गए कचरा पात्रों को खाली करने की मशीन खराब हुए एक माह का समय गुजरने के बाद भी पालिका ने मशीन को दुरुस्त नहीं कराया गया है, जिससे हालात बदतर होने लगे है। जगह-जगह कचरा फैल रहा है और बारिश के दौरान तो हालात और भी बदतर हो गए हैं। पार्षदों का कहना था कि बोर्ड का गठन हुए सात माह पूर होने के बाद भी सफाई के लिए टेंडर प्रक्रिया को पूरा नहीं किया गया है, वार्डो में मृत पशुओ के उठवाने के लिए लोगों को अपनी जेब से पैसा देना पड़ रहा है। पार्षदों ने बताया कि ग्रामीण वार्डों में तो सफाई व्यवस्था का कोई धणी धोरी ही नहीं है। कोई भी सफाई कर्मी वहां सफाई के लिए नही पहुंचता है। पालिका गेट पर ताला बंदी की सूचना मिलने पर जेईएन सुरेश शर्मा व विश्राम मीना पार्षदों से वार्ता के लिए पहुंचे और उन्हे पूरे शहर में तीन दिन में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने व सोमवार को एक रिव्यू बैठक करते हुए हालात पर समीक्षा का भरोसा दिया। इसके बाद पार्षदों ने गेट पर लगाया ताला हटा दिया। पालिका अधिकारियों को पार्षदों ने सफाई व्यवस्था को लेकर एक ज्ञापन भी दिया। प्रदर्शन के दौरान गंगापुर रोड निवासी ओमप्रकाश मिश्रा ने बताया कि पालिका प्रशासन की अनदेखी के चलते लाट नाले को लोगों ने कचरा डालने का स्थान बना दिया है।

सफाईकर्मियों ने किया प्रदर्शन
दौसा. जिला मुख्यालय की सफाई व्यवस्था पहले से ही बदहाल थी, अब सफाईकर्मियों की हड़ताल से और बुरा हाल हो गया है। शहर में जगह-जगह गंदगी के ढेर लगे हैं। दो दिन से रिमझिम बारिश होने से कचरा अब कीचड़ में बदलकर सड़ांध मारने लगा है, लेकिन नगर परिषद मूकदर्शक बनकर बैठी है। पूनम सिनेमा के पीछे वाले बाजार के रास्ते में तो नालियां जाम होने से करीब एक फीट पानी भरा होने से मार्ग ही बंद हो गया है। बदबू के मारे आसपास के व्यापारियों का रुकना मुश्किल हो गया है। गौरतलब है कि अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के बैनर तले सफाईकर्मियों ने बुधवार को हड़ताल कर दी थी। संगठन ने परिषद के कर्मचारी सुरज्ञानसिंह गुर्जर व राजेश गौतम को सफाई व्यवस्था से हटा कर उनके मूल पद पर लगाने सहित 11 सूत्रीय मांग नहीं मानने तक काम नहीं करने की चेतावनी दी थी। इसके तहत गुरुवार को भी सफाई कार्य का बहिष्कार कर परिषद में प्रदर्शन किया गया। अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस के जिला महामंत्री श्यामलाल दिर्शावल, जिलाध्यक्ष मुन्नालाल डंडोरिया, अध्यक्ष गुलाब चन्द आदि ने बताया कि कर्मचारियों की राजनीतिक पहुंच होने से मूल कार्य की जगह सफाई में लगा रखा है तथा वे सफाई कर्मचारियों को परेशान करते हैं।
पूरा वेतन देने की मांग : अखिल भारतीय वाल्मीकि महापंचायत संगठन ने जिला कलक्टर के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन देकर नगर परिषद में सफाईकर्मियों को पूरा वेतन दिलाने तथा एसआई-पीएफ का पैसा भी खाते में डलवाने की मांग की। प्रदेश सचिव सुनीलकुमार सनगत ने बताया कि श्रम विभाग के मापदंड से भी कम वेतन दिया जा रहा है।

Published on:
30 Jul 2021 10:00 am
Also Read
View All