घर से 1 लाख 10 हजार की नकदी की जब्त
दौसा. बांदीकुई पुलिस थाने में दो हजार रुपए की लेते गिरफ्तार महिला एएसआई ललिता शर्मा को एसीबी टीम जयपुर लेकर पहुंची। जहां न्यायालय में पेश करने पर आरोपी को एक दिन का पीसी रिमांड पर भेजा। इससे पहले रात को एसीबी टीम ने ट्रेप की कार्रवाई के बाद बसवा रोड स्थित घर पर सर्च ऑपरेशन चलाया।
एसीबी टीम ने घूसखोर एएसआई के घर से 1 लाख 10 हजार की नकदी सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए हैं। जिनका अनुसंधान जारी हैं।
गौरतलब है कि गत दिनों वैन की टक्कर से दुर्घटनाग्रस्त बाइक को पुलिस थाने ले आई। परिवादी बाइक को छुड़ाने के लिए आरोपी एएसआई ने उससे पांच हजार रुपए की मांग की। इस पर परिवादी की मनुहार के बाद सौदा दो हजार रुपए में तय हुआ। परिवादी ने इसकी सूचना एसीबी के टोल फ्री नम्बर पर दी। इस पर एसीबी टीम ने एएसआई को थाने में धर दबोचा। एसीबी के डिप्टी एसपी राजेश सिंह ने बताया कि रिश्वत की 1500 की राशि अभी बरामद नहीं हुई हैं।
कुछ मंत्रियों के काम नहीं करने से नाराजगी-मुरारी
दौसा. स्थानीय विधायक मुरारीलाल मीना का कहना है कि सरकार ने क्षेत्र के लिए विकास के काम किए हैं। काम को लेकर दिक्कत नहीं है, लेकिन कुछ मंत्री काम नहीं करते इस बात को लेकर नाराजगी है। इससे मुख्यमंत्री को भी अवगत करा चुके हैं। उल्लेखनीय है कि हाल ही में विधायक रमेश मीना के विरोधी सुर के बाद दौसा विधायक मुरारीलाल ने भी बयान दिया था। इसके बाद से कांग्रेस में राजनीतिक हलचल मच गई है।
दौसा के डाक बंगले में जनसुनवाई के दौरान विधायक ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि पार्टी स्तर पर कोई विवाद नहीं है। हम सब कांग्रेसी हैं और बीजेपी की विचारधार के बिल्कुल खिलाफ हैं। पार्टी में रहकर ही कार्यकर्ताओं के कामों को लेकर संघर्ष करते हैं और करते रहेंगे। हमारे बोल कांगे्रस के हित के लिए ही हैं, इसका गलत अर्थ नहीं निकाला जाना चाहिए।
वहीं सांसद जसकौर मीना के बयान पर मुरारीलाल मीना ने पलटवार करते हुए कहा कि वे पहले अपनी पार्टी के झगड़े निपटा लें। गौरतलब है कि कांग्रेस के कुछ विधायकों के असंतोष पर सांसद ने शनिवार को दौसा में कहा था कि वे दुखी हैं हमारे साथ आ जाएं। कांग्रेस में एससी-एसटी सिर्फ वोट लेने के लिए हैं।
इस पर विधायक का कहना है कि कांग्रेस की विचारधार एसटी-एससी व अल्पसंख्यकों के पक्ष में है, जबकि बीजेपी की विचारधारा तो मूल रूप से ही खिलाफ है। पब्लिक सेक्टर में नौकरी के दम पर एससी-एसटी आगे बढ़े हैं, लेकिन उनको रोकने के लिए केन्द्र सरकार तो पब्लिक सेक्टर को निजी हाथों में दे रही है। सांसद पर हमला बोलते हुए विधायक ने कहा कि वे ढाई साल में दौसा के लिए केन्द्र सरकार से कराया हुआ एक काम तो गिना दें, सिर्फ प्रधानमंत्री मोदी की झूठी वाहवाही करती हैं। राज्य सरकार की सहभागिता से होने वाले कामों को गिनाती रहती हैं। कांग्रेस में हम मजबूती से बोल पाते हैं, सांसद भाजपा में बोल कर देखें तो पता लग जाएगा।